एसएसपी ने बताया कि डीजे और डीएम के साथ बैठक र कचहरी की सुरक्षा का प्लान तैयार किया जाएगा। इसके साथ कोर्ट की अनुमति से शातिर अपराधियों को हथकड़ी लगाकर पेशी के लिए लाया जाएगा ताकि उनके पुलिस अभिरक्षा से भागने की संभावना न रहे।
मंगलवार दोपहर करीब दो बजे एसएसपी ने एसपी सिटी राजीव मल्होत्रा, एसपी देहात बृजेश श्रीवास्तव, एसपी क्राइम डॉ.एसपी सिंह, एसपी ट्रैफिक ओपी यादव के अलावा सीओ सिटी अरुण कुमार, इंस्पेक्टर कोतवाली शक्ति सिंह के साथ भारी पुलिस बल बुला लिया। एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों के साथ कचहरी की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कचहरी के सभी गेटों के साथ हवालात देखी। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के चैंबर से होते हुए एसएसपी न्यायिक मजिस्ट्रेटों के शयनकक्षों और अदालतों की व्यवस्था देखते हुए जजी से बाहर आए। एसएसपी ने बताया कि जेलों में बंद शातिर अपराधियों की सूची बनाई जा रही है। पेशी पर आने के दौरान शातिर अपराधियों को कोर्ट से इजाजत लेकर हथकड़ी डालकर लाया जाएगा। सुरक्षा में किसी तरह की कोताही नहीं होगी। एक अधिकारी की रोजाना सुरक्षा ड्यूटी लगाई जाएगी। कोशिश रहेगी कि कचहरी में सीसीटीवी कैमरों की भी व्यवस्था हो जाए ताकि न्यायिक अधिकारियों के साथ अधिवक्ता और आम आदमी भी सुरक्षित रहें।