बरेली। मुख्यमंत्री के शहर आगमन के दौरान सुरक्षा कारणों से प्रमुख मार्गों और चौराहों पर यातायात रोक दिए जाने से शहर की रफ्तार थम गई। चौपुला, चौकी चौराहा, पटेल चौक सहित कई प्रमुख मार्गों पर घंटों तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। अटल सेतु पर सरकारी एंबुलेंस भी जाम में फंसी रही। उसे निकलवाने के लिए पुलिसकर्मियों ने काफी प्रयास किया, पर कामयाब नहीं हुए। मुख्यमंत्री का काफिला गुजरने के बाद ही उसे रास्ता मिल सका।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के मद्देनजर पुलिस ने सुबह से ही रूट डायवर्जन लागू कर दिया। कई प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग कर यातायात रोक दिया गया। इससे कार्यालय जाने वाले कर्मचारी, मरीजों को लेकर अस्पताल जा रहे परिजन, छात्र-छात्राएं और दैनिक कामकाज के लिए निकले लोग सबसे अधिक प्रभावित रहे।
कुछ लोगों वैकल्पिक रास्तों की तलाश में गलियों का रुख किया, पर वहां भी घंटों जाम में फंसे रहे। गांधी उद्यान से सर्किट हाउस और कैंट की ओर जाने वाले रास्ते पर लोगों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा। चौपुला, चौकी चौराहा और पटेल चौक पर वाहन काफी समय तक रेंगते रहे। कुछ स्थानों पर लोगों की पुलिसकर्मियों से नोकझोंक भी हुई। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए लोगों को समझाकर शांत कराया।
ऑटो रिक्शा वालों ने की मनमानी, एसपी सिटी ने फटकारा
फोटो
पुलिस लाइन गेट से अटल सेतु होते हुए बदायूं रोड पर ऑटो रिक्शा संचालकों की मनमानी सामने आई। वहां जाम की स्थिति बनी तो मौके पर पहुंचे एसपी सिटी मानुष पारीक ने ऑटो रिक्शा संचालकों को फटकार लगाते हुए पुलिस कर्मियों को सभी का चालान काटने के निर्देश दिए।
पहले बंद किया फिर खोल दिया रास्ता
फोटो
सर्किट हाउस में जैसे ही बैठक संपन्न होने का समय करीब आया, विकास भवन रोड से श्यामगंज फ्लाईओवर तक रोड के दोनों ओर सड़क को खाली करा दिया गया। बैठक का निर्धारित समय गुजर गया तो आवागमन कुछ देर के लिए खोल दिया दिया। सीएम के सर्किट हाउस से निकलने को लेकर पुलिसकर्मी भी असमंजस में रही। अपराह्न 4:45 बजे सीएम का काफिला गुजरने के बाद पुलिसकर्मियों ने राहत की सांस ली।
एक और एंबुलेंस जाम में फंसी रहीफोटो
सीएम के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से 30 मिनट पहले ही पुलिस ने चौकी चौराहे से सर्किट हाउस चौराहे की ओर जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया। पैदल राहगीरों को भी आगे नहीं बढ़ने दिया गया। इसके चलते शहरवासियों को आधे घंटे तक इंतजार करना पड़ा। एक एंबुलेंस भी फंसी रही।
जानिए, कहां कितनी देर रहा जाम
पटेल चौक से चौपुला पुल और चौपुला चौराहा तक : दो घंटे
चौकी चौराहा से गांधी उद्यान चौराते तक : एक घंटे
सर्किट हाउस से कैंट की ओर जाने वाले मार्ग पर : डेढ़ घंटे
चौपुला पुल से अटल सेतु होते हुए बदायूं रोड तक : दो घंटे
-
बेसहारा पशुओं को पकड़ने में जुटी रही नगर निगम की टीम
फोटो
बरेली। सीएम के आगमन के मद्देनजर नगर निगम की टीमें मंगलवार तड़के ही प्रमुख सड़कों और चौराहों से बेसहारा पशुओं को पकड़ने के लिए मुस्तैद रहीं। सेटेलाइट, चौकी चौराहा, सर्किट हाउस चौराहा, चौपुला समेत अन्य मार्गों पर टीमों ने बेसहारा पशुओं को पकड़कर कैटल कैचर वाहनों में कैद किया। लोगों का कहना था कि अन्य दिनों में शिकायत करने के बाद भी टीम मौके पर नहीं पहुंचती है। अधिकारी टालमटोल करते हैं। पशु चिकित्साधिकारी डॉ. हरपाल सिंह ने बताया कि 18 कुत्ते व 24 गोवंशीय पशु पकड़े गए हैं। इन्हें कान्हा उपवन में संरक्षित किया जाएगा।
12 बजते ही खाली हो गया विकास भवन, अधिकारियों में मची रही खलबली
फोटो
बरेली। सीएम के दौरे को लेकर विकास भवन में मंगलवार को अधिकारियों में खलबली मची रही। दोपहर को सीएम के आगमन से कुछ देर पहले ही सीडीओ, डीडीओ और डीपीआरओ समेत सभी अधिकारी सर्किट हाउस के लिए रवाना हो गए। दोपहर 12 बजने के बाद विकास भवन में सन्नाटा पसर गया। फरियादी भी नजर नहीं आए।