37 हजार शमन शुल्क वसूला, कोटेदार की दुकान पर नोटिस चस्पा
विज्ञापन
राशन वितरण पर लगाई लोग, व्यापारी बोला- राशन के बदले लोग खरीद रहे अन्य सामान
सिरौली। ग्रामीणों की सूचना पर मंगलवार को एसडीएम कमलेश कुमार और सीओ आंवला रामप्रकाश ने केसरपुर गांव में किराना व्यापारी मोहम्मद महबूब के यहां छापा मारकर भारी मात्रा में गरीबों को वितरण करने के आए सरकारी राशन बरामद किया। पूछताछ में व्यापारी ने बताया कि उसने चावल और गेहूं ग्राहकों से खरीदे हैं। बताया कि बहुत से लोग राशन की दुकान से गेहूं-चावल लाकर उन्हें बेचकर परचून का सामान ले जाते हैं। इस पर मंडी समिति के अधिकारियों को बुलाकर एसडीएम ने अनाज की कीमत का आकलन कराया तो करीब एक लाख रुपये से ज्यादा का निकला। जिसके तहत व्यापारी से 36971 रुपये शमन शुल्क वसूला गया।
एसडीएम गांव के कोटेदार फकीरचंद गुप्ता की दुकान पर पहुंचे तो वह दुकान बंद मिली। कोटेदार भी गांव में नहीं मिला। एसडीएम ने राशन वितरण में अनियमितता मानते हुए दुकान पर नोटिस चस्पा कर दिया और जांच आपूर्ति निरीक्षक आंवला को सौंप दी। जांच पूरी न होने तक दुकान से राशन वितरण पर रोक लगा दी। संवाद
कोटेदार गरीबों को नहीं दे रहे राशन, विधायक से कार्रवाई की गुहार
बहेड़ी। अकबरागांद गांव के कोटेदार ने सूची से जिन गरीबों के नाम काट दिए गए हैं, उन्हें राशन देने से इनकार कर दिया है। गांव के उदयराज, राजेश कुमार व महेश कुमार ने पहले कई दिनों तक सप्लाई और एसडीएम दफ्तर के चक्कर काटे, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। सोमवार को विधायक छत्रपाल सिंह से मिले। विधायक ने गरीबों के नाम राशन कार्डों की सूची से काटे जाने पर सवाल किया, उसके बाद पात्र गरीबों को परेशान करने के बजाय राशन दिलाने के लिए सप्लाई इंस्पेक्टर से कहा। सप्लाई इंस्पेक्टर ने पीड़ितों के प्रार्थनापत्र रख लिए, लेकिन शाम तक राशन नहीं दिलाया। उधर प्रधान संघ के अध्यक्ष महावीर सिंह व रुड़की के प्रधान अकरम खां ने गांवों में गरीबों को राशन न मिलने की शिकायत करते हुए प्रधानों को सूची उपलब्ध कराकर राशन बंटवाने की मांग प्रशासन से की है। संवाद