हाफिजगंज। कोहरे की वजह से शनिवार को बरेली-पीलीभीत हाईवे पर सिथरा गांव के पास स्कूल वैन अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे में पीलीभीत निवासी बीफार्मा के पांच विद्यार्थी घायल हो गए।
राहगीरों ने वैन को सीधा करवाकर उनको बाहर निकाला। पुलिस ने अपनी गाड़ी से नवाबगंज सीएचसी भेजकर उनका उपचार कराया। वैन में बैठे विद्यार्थी रक्षपाल बहादुर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट (आरबीएमआई) में पढ़ते हैं।
पीलीभीत से बरेली के एक निजी कॉलेज में आ रहे थे। सुबह करीब आठ बजे कोहरे की वजह से चालक को सामने से आ रहा दूसरा वाहन दूर से नजर नहीं आया। अचानक वाहन सामने आने पर चालक ने बचाव का प्रयास किया तो वैन अनियंत्रित होकर सड़क से उतरकर खाई में पलट गई।
चीख-पुकार सुनकर राहगीर जुटे। वैन को सीधा कराया। शीशे तोड़कर वैन में मौजूद माधवी सिंह, दीपक, हिमांशु, शुभम व राजेश को बाहर निकाला गया।
सूचना पर एंबुलेंस से पहले डायल 112 की गाड़ी पहुंच गई। इसी गाड़ी से माधवी, हिमांशु व राजेश को नवाबगंज सीएचसी ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजन के साथ उनको घर भेज दिया गया। संवाद