बरेली। कस्तूरबा कन्या आवासीय स्कूलों में सुविधाओं का अभाव है। रामनगर व क्यारा ब्लॉक का अफसरों ने बुधवार को औचक निरीक्षण किया तो तमामा खामियां मिलीं, जिन्हें दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
डीसी बालिका शिक्षा चंद्रभान ने बुधवार को रामनगर के कस्तूरबा स्कूल का निरीक्षण किया। यहां बायोमीट्रिक मशीन, सीसीटीवी कैमरा, टीवी, आरओ सिस्टम खराब मिले। 100 बच्चे पंजीकृत थे लेकिन मौके पर 60 मिले। क्यारा के कस्तूरबा स्कूलों में भी कमोवेश यही हाल रहा। जिस पर डीसी ने दो दिन में व्यवस्थाएं सुधारने की चेतावनी दी।
पौधरोपण कैसे होगा जब गड्ढे ही नहीं खोदे
बरेली। मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी पौधरोपण की योजना को साकार करने में स्कूलों की लापरवाही भारी पड़ सकती है। 9 अगस्त को होने वाले पौधरोपण के लिए अब तक स्कूलों में लक्ष्य के सापेक्ष 10324 गड्ढे खोदे नहीं जा सके हैं। जिस पर प्रभारी डीआईओएस मरभरन राम राजभर ने सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों को चेतावनी जारी की है।
माध्यमिक शिक्षा विभाग को नौ अगस्त को 413 स्कूलों में 81,124 पौधे लगाने का लक्ष्य मिला है। वन विभाग ने बुधवार को पौधरोपण की तैयारियों की सूचना व लक्ष्य के अनुसार कितने पौधे चाहिए इसकी जानकारी मांगी तो 70,800 गड्ढे ही खोदने की जानकारी मिली। जिला नोडल प्रभारी डॉ. सुभाष मौर्य ने बताया कि गड्ढों को जल्द खोदने के निर्देश दिए हैं। सात अगस्त तक पौधे गड्ढों के पास पहुंच जाएंगे, इसलिए वन विभाग की नर्सरी से पौधे प्राप्त करने को कहा है।