बरेली। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाओं की समय सारिणी शासन ने जारी कर दी है। इन योजनाओं में पूर्वदशम, दशमोत्तर और उच्च कक्षाओं के विद्यार्थी लाभान्वित होंगे। इसके तहत शिक्षण संस्थानों में मास्टर डाटा तैयार करने की प्रक्रिया 22 जुलाई से शुरू हो जाएगी।
जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर ने बताया कि कक्षा 9 से 10 और कक्षा 11 से 12 तक की छात्रवृत्ति के लिए विद्यालयों को 22 जुलाई से पांच अगस्त तक मास्टर डाटा तैयार करना होगा। जिला विद्यालय निरीक्षक 23 जुलाई से नौ अगस्त तक इस डाटा का सत्यापन करेंगे। नवीनीकरण के आवेदन 11 से 25 अगस्त तक ऑनलाइन किए जा सकेंगे।
नए छात्र 11 अगस्त से 21 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर हार्डकॉपी संस्थान में जमा कर सकेंगे। उच्च कक्षाओं की छात्रवृत्ति योजना के तहत भी शिक्षण संस्थान 22 जुलाई से 15 अगस्त तक मास्टर डाटा तैयार करेंगे। विभाग ने सभी पात्र विद्यार्थियों से समय पर आवेदन करने की अपील की है।
उच्च कक्षाओं के लिए आवेदन 15 सितंबर से
उच्च कक्षाओं के लिए नवीनीकरण के आवेदन 15 सितंबर से 15 अक्तूबर तक स्वीकार किए जाएंगे। नए छात्र 15 सितंबर से 31 अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। शिक्षण संस्थान नए छात्रों के आवेदन, अंकपत्र और उपस्थिति का अंतिम सत्यापन करेंगे। पात्र छात्रों का डाटा 16 सितंबर से 10 नवंबर तक अग्रसारित किया जाएगा।