बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के एक हजार विद्यार्थियों का फॉर्म संदेहास्पद (सस्पेक्टेड) करार दिया गया है। इस कारण अब विद्यार्थियों को दोबारा जानकारी देनी होगी। फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 18 फरवरी है। वहीं, छात्रों को भी इसकी सूचना एक दिन पूर्व ही दी गई है। इससे घर से दूर रहने वाले विद्यार्थियों के सामने मुश्किल है। असमंजस में विद्यार्थी कैंपस में अपने विभाग से डीएसडब्ल्यू कार्यालय तक दौड़ लगा रहे हैं।
रुविवि कैंपस के करीब 2500 विद्यार्थियों के छात्रवृत्ति फॉर्म अब तक भरे गए हैं। छात्रों के फॉर्म में अलग-अलग त्रुटियां जैसे किसी का आय प्रमाण पत्र सस्पेक्ट हुआ, कोर्स सस्पेक्ट, किसी की दसवीं की मार्कशीट ही सस्पेक्ट बताई गई है। इस पर छात्रों का कहना है कि उनके लॉगिन में स्टेटस ग्रीन दिखाई दे रहा है, ऐसे में ऐन मौके पर इस तरह की सूचना से अब कुछ नया बनवाने की आवश्यकता पड़ती है तो कैसे काम हो सकेगा। प्रभारी डीएसडब्ल्यू राकेश मौर्य के अनुसार 18 फरवरी तक छात्रों द्वारा फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि है। समाज कल्याण निदेशालय से ही सस्पेक्टेड छात्रों की अंतिम दो दिन पहले जारी हुई। एक दिन पहले सूचना मिलने से विद्यार्थी घबरा रहे हैं। बीते वर्ष भी यही समस्या थी, जो बाद में निपट गई थी।