बरेली में दो महीने बाद गुरुवार को फिर जिले के दौरे पर पहुंचे प्रमुख सचिव नवनीत सहगल के भ्रमण पर निकले। उनके निकलते ही घोटाले एक-एक करके खुलने शुरू हो गए। रिठौरा की गोशाला में भूसा ज्यादा मिला तो क्योलड़िया ब्लॉक के गांव मेथी नवदिया में पता चला कि कोटेदार गांव वालों को शुरू से ही एक किलो राशन कम देता आ रहा है। प्रमुख सचिव ने इस पर कोटेदार के खिलाफ एफआईआर कराने का निर्देश दिया है।
दोपहर करीब दो बजे सर्किट हाउस से निकलने के बाद प्रमुख सचिव ने सीधे रिठौरा पहुंचकर साधन सहकारी समिति और गोशाला का निरीक्षण किया। गोशाला में भूसा ज्यादा मिला तो उन्होंने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को डांट लगाई।
उन्होंने कहा कि भूसा ज्यादा मिलने का सीधा मतलब है कि पशुओं को पर्याप्त भूसा नहीं दिया जा रहा है। मेथी नवदिया में राशन वितरण में घोटाला मिलने के बाद उन्होंने पूर्ति विभाग के अफसरों से पूछताछ की तो वे बगलें झांकने लगे। प्रमुख सचिव ने कोटेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया। देर शाम जिला मुख्यालय लौटने के बाद वह शहर का भ्रमण करने निकल गए।