बरेली। थाना किला के बाकरगंज में सटोरियों की डीआईजी के यहां शिकायत करने पर दरोगा जी भड़क गए। उन्होंने शिकायत करने वाले को जमकर हड़काते हुए फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी तक दे डाली। एसपी सिटी समीर सौरभ ने इंस्पेक्टर और सीओ से रिपोर्ट मांगी है।
बृहस्पतिवार को खुद को समाजसेवी बताने वाले राजा साहब नाम के शख्स ने एसपी सिटी से मुलाकात करके कहा कि उनके एक साथी ने डीआईजी साहब के यहां फोन करके मोहल्ले में सट्टा होेने की खबर दी थी। बाकरगंज और स्वालेनगर में सट्टे का यह आलम है कि सटोरियों ने शाम ढलते ही महिलाओं का घर के निकलना मुश्किल कर दिया है। पुलिस भी उन पर मेहरबान रहती है। इस सूचना पर डीआईजी की टीम ने छापा मारा । जिससे बाकरगंज चौकी इंचार्ज महेंद्र कुमार खफा हो गए। हालांकि हमने उन्हें अपने रोजा इफ्तार के कार्यक्रम में बुलाकर बड़ा सम्मान दिया था। चौकी इंचार्ज के साथ फोटो भी दिखाए। कहने लगे अब चौकी इंचार्ज फोन पर उसे बार-बार धमका रहे हैं। कहते हैं नेतागिरी ज्यादा मत करो, मैं तुम्हें झूठे मुकदमे में फंसा दूंगा। दिन में कई बार उनका फोन आ रहा है। यह सब सटोरिये करा रहे हैं। एसपी सिटी ने राजा से ही नंबर लेकर चौकी इंचार्ज से बात की। इस पर दरोगा ने अपनी कहानी सुनानी शुरू कर दी। उन्होंने राजा पर ही उल्टे आरोप लगाना शुरू कर दिया। इस मामले में चौकी इंचार्ज का कहना है कि राजा नाम के किसी व्यक्ति को जानता ही नहीं हूं।