बिथरी चैनपुर/सीबीगंज। मतदान की पूर्व संध्या पर प्रत्याशियों ने मतदाताओं को लुभाने के लिए सारे हथकंडे अपनाने शुरू कर दिए हैं। कोई मिठाई के साथ नकदी बांट रहा है तो कोई साड़ियां। बिथरी पुलिस ने बीडीसी सदस्य पद का चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी को साथी समेत साड़ी बांटते हुए पकड़ लिया। दोनों का शांतिभंग में चालान किया गया है। उधर, सीबीगंज पुलिस ने साड़ी बांट रहे पांच लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज की है।
बिथरी के गांव परातासपुर में क्षेत्र पंचायत सदस्य पद का चुनाव लड़ रहे नरेश मतदाताओं को लुभाने के लिए बुधवार को साड़ियां बांट रहे थे। सूचना पर इंस्पेक्टर बिथरी मनोज त्यागी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने नरेश को उनके साथी राकेश को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 18 साड़ियां बरामद हुईं। इंस्पेक्टर मनोज त्यागी ने बताया साड़ियां जब्त करके सील कर दी गई हैं। दोनों आरोपियों का शांतिभंग में चालान किया गया है।
उधर, सीबीगंज के गांव रूपपुर में इंस्पेक्टर धर्मेंद्र सिंह को प्रधान पद के एक प्रत्याशी द्वारा साड़ियां बंटवाने की सूचना मिली। इस पर सब इंस्पेक्टर सनुज कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और साड़ियां बांट रहे पांच लोगों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम गांव जोगीठेर निवासी सरताज, राशिद, शाकिर, मनोज शर्मा, प्रेमनगर के मोहल्ला अशरफ खां छावनी निवासी मुशाहिद बताए। पुलिस ने इन लोगों से 13 साड़ियां बरामद की हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि पकड़े गए सभी आरोपियों के विरुद्ध आचार संहिता उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पोलिंग पार्टियाें की रवानगी के दौरान
नहीं हुआ सामाजिक दूरी का पालन
बिथरी चैनपुर। बुधवार को बिथरी में कन्या इंटर कॉलेज से पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों पर रवाना हो गईं। इस दौरान न तो सामाजिक दूरी का पालन किया गया और न ही सभी लोग मास्क लगाए थे। यहां कोविड हेल्प डेस्क भी नहीं बनाई गई थी। किसी का तापमान भी नहीं मापा जा रहा था। संवाद