बरेली। चौपुला पुल का निर्माण कार्य तेजी से जारी है, लेकिन अभी इसे पूरा होने में दो महीने से ज्यादा समय लगेगा। यहां पुल की तीनों दिशाओं में रैंप बन चुकी है, लेकिन अभी रेलिंग बनाने का काम बाकी है।
इन दिनों चौपुला पर पहले से बने दो लेन के पुल को चार लेन बनाने का काम चल रहा है। पहले यह पुल चौपुला पर सिटी स्टेशन की दिशा से शुरू होकर बदायूं रोड पर उतरता था। इससे यहां हर समय जाम लगा रहता था। फिर इस पुल को वाई शेप में फोरलेन बनाने का निर्णय लिया गया। इसके तहत इसे पुलिस लाइन से शुरू करके सिटी स्टेशन की ओर और पटेल चौक की दिशा में विस्तार देने का निर्णय लिया गया है। अब यही कार्य चल रहा है। सेतु निगम ने यहां सिटी स्टेशन की ओर पुल की छत बनाने का काम पूरा कर लिया है और रेेलिंग का काम बाकी है। पटेल चौकी की ओर करीब 80 फीसदी रैंप बनाई जा चुकी है, इसके बाद रेलिंग का काम होगा। पुलिस लाइन की ओर छत का काम पूरा होने के बाद रैंप बन चुकी है और उधर भी रेलिंग बनाना बाकी है। रेलिंग बनाने के बाद यहां तारकोल की सड़क बनाई जाएगी। इस हिसाब से यहां अभी करीब 20 फीसदी काम बाकी है।