सरहद पर तनाव के बाद जिस तरह सैन्य इलाके में अलर्ट जारी होने का बाइक सवारों लुटेरों में जरा खौफ नहीं है। सरेशाम बाइक सवार बदमाशों ने वीरांगना चौक के पास सराफ से थैला लूट लिया। सराफ की तहरीर पर मामले में मुकदमा दर्ज करके लुटेरों की तलाश की जा रही है। किला के मलूकपुर का रहने वाले सोनू रस्तौगी की कांधरपुर गांव में सोना-चांदी के आभूषणों का काम है। वह गिरवीं गांठ का काम भी करते हैं। सोमवार की शाम को सोनू रस्तौगी दुकान बंद करके घर लौट रहे थे। लाल फाटक पर आए तो बंद था। इसलिए काफी देर उन्हें फाटक पर खड़ा रहना पड़ा। उनके पीछे बाइक पर दो लड़के खड़े थे। जैसे ही फाटक खुला वह लड़के तेजी के बाइक चलाकर वीरांगना चौक के पास आकर खड़े हो गए। उन्होंने तमंचे के बल पर सराफ को वीरांगना चौक रोक कर उनके 3.50 ग्राम चांदी और 10 ग्राम सोने के आभूषण लूट लिए और फरार हो गए। जल्दबाजी में लुटेरे सराफ की जेब की तलाशी नहीं ले पाए। इसकी वजह से उनके 45 हजार रुपये बच गए। सराफ की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। बाइक सवारों को आसपास तलाश गया, लेकिन पता नहीं लग पाया। प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश सिंह ने बताया कि सराफ की तहरीर पर मुकदमा लिखकर लुटेरों की तलाश की जा रही है। दो संदिग्ध लड़के उनकी नजर में हैं। उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है, जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।