सस्ती दरों पर भूखंड मिलने की संभावना, मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
अफसरों के मुताबिक, सप्तनाथ इको सिटी में रामगंगानगर व ग्रेटर बरेली से बेहतर सुविधाएं होंगी। वर्तमान में रामगंगानगर व ग्रेटर बरेली में 35 हजार, 36 हजार व 40 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से भूखंड बेचे जा रहे हैं। सप्तनाथ इको सिटी में शुरुआत में खरीदारों को आकर्षित करने के लिए भूखंड की दरें सस्ती रखी जाएंगी। इसकी मुख्य सड़कें 30 से 45 मीटर चौड़ी होंगी, वहीं आतंरिक मार्ग 18 मीटर चौड़े होंगे। निर्बाध आपूर्ति के लिए विद्युत उपकेंद्र भी बनाया जाएगा। बच्चों के लिए कई मनोरंजन पार्क और लोगों की आवश्यकता के मद्देनजर सामुदायिक भवन भी तैयार होंगे।
दो सेक्टरों की स्वीकृति के लिए रेरा में आवेदन की तैयारी
टाउनशिप विकसित करने के लिए प्लानिंग विभाग की ओर से एनवायरमेंटल इम्पैक्ट असेसमेंट के लिए 30 दिन पहले आवेदन कर दिया गया है। इसकी अनुमति मिलने के बाद दो सेक्टरों की स्वीकृति के लिए रेरा में आवेदन किया जाएगा। अनुमति मिलने के बाद लॉटरी के जरिये लोगों को भूखंड आवंटित किए जाएंगे।
बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने बताया कि सप्तनाथ इको सिटी विकसित करने के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। 919 करोड़ का मुआवजा दिया जा चुका है। रेरा में पंजीयन के बाद जल्द ही लाॅटरी के जरिये लोगों को भूखंड दिए जाएंगे। इससे लोगों को बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने के सारे प्रयास किए जा रहे हैं।