संजय नगर की सड़क पर लगे मिट्टी के ढेर।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
संजय नगर मोड़ से तुलाशेपुर तक किया जा रहा है सड़क निर्माण
बरेली। संजय नगर बाजार से तुलाशेपुर तक सड़क का निर्माण किया जा रहा है मगर श्मशान भूमि मोड़ पर भी मिट्टी का ढेर छोड़ दिया गया है। इस दिनों जबरदस्त कोहरा पड़ने के कारण यहां कभी भी हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद भी मिट्टी का ढेर हटवाया नहीं गया। वहीं, संपवेल लाइन के काम के कारण यहां पहले से ही ट्रैफिक वन-वे किया जा चुका है।
संजय नगर श्मशान भूमि मोड़ से तुलाशेपुर तक सड़क निर्माण का काम चल रहा है। यहां मोड़ पर ही खोदाई के दौरान निकाली गई मिट्टी का ढेर छोड़ दिया गया है। यह कोहरे में खतरनाक साबित हो सकता है। स्थानीय लोग कई दिनों से मिट्टी का ढेर यहां से हटाने की बात कह रहे हैं लेकिन अभी तक ढेर को हटाया नहीं गया है। वहीं निर्माण कार्य भी धीमी गति से चलने से दुकानदारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम चीफ इंजीनियर भूपेश कुमार सिंह ने बताया कि मिट्टी का ढेर संपवेल लाइन की खोदाई का है। संपवेल की लाइन अगले एक सप्ताह में ईंट पजाया चौराहे तक पहुंच जाएगी। लाइन बिछाने के बाद उतने हिस्से को बंद भी किया जा रहा है। जितनी सड़क पर लाइन बिछाने का काम हो रहा है। सिर्फ उतनी ही सड़क को ब्लॉक किया जा रहा है। जलकल महाप्रबंधक राजेश यादव ने बताया कि जनवरी के अंत तक हजियापुर तक लाइन बिछाने का काम पूरा कर लिया जाएगा। कहा कि मोड़ पर लगे मिट्टी के ढेर को वहां से हटवा दिया जाएगा।