शनिवार को धूप और बादलों के बीच जारी रही लुकाछिपी, चार डिग्री चढ़ा पारा
बरेली। कड़ाके की ठंड का एहसास कराने के बाद एक बार फिर मौसम के तल्ख तेवर से थोड़ी राहत मिली है। शनिवार को पांच डिग्री दर्ज हुई गिरावट में धूप खिलने के बाद चार डिग्री सेल्सियस की बढ़त दर्ज हुई। जिससे सर्द हवाओं की ठिठुरन कुछ कम हुई। हालांकि, दिन ढलने के बाद ठंड बढ़ी और कोहरे ने शहर को आगोश में लेना शुरू कर दिया। मौसम विशेषज्ञ ने अनुकूल माहौल बनने पर बारिश की आशंका जताई है।
शनिवार की सुबह कोहरे में लिपटी रही और सर्द हवाओं से लोग ठिठुरते रहे। सुबह करीब दस बजे से हल्की धूप निकलने लगी मगर बादलों की आवाजाही से अड़चन बरकरार रही। आंचलिक मौसम अनुसंधान केंद्र के निदेशक डॉ. जेपी गुप्ता के मुताबिक दो दिनों से काफी ऊंचाई पर बादल मंडरा रहे हैं। शनिवार की सुबह हवा की गति अधिक होेने से बादलों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया है। हालांकि, अभी बारिश के अनुकूल यानी निम्न वायुदाब क्षेत्र न बनने की वजह से बारिश नहीं हो सकी।
उन्होंने बताया कि शनिवार को दिन भर सूरज और धूप के बीच चली लुकाछिपी के बावजूद तापमान में चार डिग्री की बढ़त दर्ज हुई है। अधिकतम तापमान 19.1 डिग्री और न्यूनतम सामान्य से चार डिग्री कम 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। उन्होंने अगले करीब चार दिन तक सुबह और रात में घना कोहरा, दिन में हल्की धूप खिलने समेत बादलों के मंडराने का सिलसिला जारी रहने और अनुकूल माहौल मिलने पर बारिश होने की आशंका जताई है। ब्यूरो