बरेली के विकास भवन मार्ग पर स्थित अजंता स्वीट्स और अय्यूब खां चौराहे पर स्थित दीपक स्वीट्स से लिए गए पनीर और रसगुल्ले के नमूने जांच में फेल पाए गए हैं। प्रयोगशाला में हुई जांच में इन नमूनों की गुणवत्ता अत्यंत निम्न पाई गई। मिलावट की बात भी सामने आई है। ऐसे में इन दोनों प्रतिष्ठानों पर मौजूद मिठाइयों की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।
दीपावली पर्व के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने इन दोनों प्रतिष्ठानों से पनीर व रसगुल्लों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे थे। इसकी रिपोर्ट आ गई है, लेकिन खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारी मामले को दबा रहे हैं। सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय अपूर्व श्रीवास्तव ने मामले की जानकारी से अनभिज्ञता जताई। दीपावली के दौरान लिए गए सैंपलों की रिपोर्ट प्राप्त होने से भी इन्कार किया है।
शहर के नामचीन प्रतिष्ठान हैं दोनों
दूसरी ओर, विभागीय सूत्रों का दावा किया है कि दीपावली के दौरान लिए गए ज्यादातर नमूनों की जांच रिपोर्ट राजकीय प्रयोगशाला से आ गई है। इसमें शहर के दोनों नामचीन प्रतिष्ठानों के पनीर व रसगुल्ले के नमूनों की गुणवत्ता फेल होने की रिपोर्ट भी शामिल है। इस मामले में पक्ष लेने के लिए अजंता स्वीट्स के मालिक से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन स्टॉफ ने फोन कॉल पर उनसे बात नहीं कराई।
दीपक स्वीट्स के मालिक दिलीप गुप्ता ने कहा कि उनके यहां से दीपावली के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने पनीर व रसगुल्ले के नमूने जरूर लिए थे, पर उनकी जांच रिपोर्ट आने के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है।