बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के परिक्षेत्र से बाहर होने वाले पांच संघटक राजकीय महाविद्यालयों के शिक्षकों व कर्मचारियों का वेतन अगस्त से रुका हुआ है। समस्या को लेकर महाविद्यालयों के शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को विवि के कुलसचिव महेंद्र कुमार से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने लंबित वेतन के भुगतान की मांग की।
विश्वविद्यालय पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने अगस्त 2026 से बकाया वेतन के तत्काल भुगतान के लिए कुलसचिव को ज्ञापन सौंपा। बताया कि हसनपुर (अमरोहा), मीरापुर बांगर (बिजनौर), ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद) के राजकीय संघटक महाविद्यालय व शाहजहांपुर के सरदार भगत सिंह संघटक राजकीय महाविद्यालय पुवायां व ठाकुर रोशन सिंह संघटक राजकीय महाविद्यालय कटरा के शिक्षकों व कर्मचारियों के वेतन अगस्त से लंबित है।
नियमित वेतन पर निर्भर शिक्षक और कर्मचारियों को वेतन लंबित होने के कारण आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए लंबित वेतन का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। इस दौरान डॉ. पवन सक्सेना, डॉ. अमित कुमार, डॉ. अंशु चौहान, डॉ. राजेश कुमार, डॉ. जितेंद्र सिंह व अन्य उपस्थित रहे।
परिक्षेत्र से बाहर के महाविद्यालयों को असंबद्ध करने की तैयारी
रुहेलखंड विश्वविद्यालय (रुविवि) से संबद्ध नौ संघटक महाविद्यालयों में से पांच को असंबद्ध करने की तैयारी शुरू हो गई है। शाहजहांपुर व मुरादाबाद विश्वविद्यालयों के परिक्षेत्र में संचालित इन संघटक महाविद्यालयों को उन्हें सौंपने के विवि की ओर से पहले ही पत्र भेजा जा चुका है।