बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय में 23वां दीक्षांत समारोह 12 अक्तूबर को होना लगभग असंभव है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा होने के कारण विश्वविद्यालय प्रशासन असमंजस में है। विश्वविद्यालय परिसर को पीसीएस परीक्षा के लिए केंद्र बनाया गया है।
रुविवि प्रशासन को परीक्षा के लिए बनाए गए चार केंद्रों का विस्तृत सीटिंग प्लान भी मिल चुका है और सोमवार से ही परीक्षा के आयोजन की तैयारी शुरू की जा रही है। विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाते हैं। ऐसे में, दीक्षांत समारोह और परीक्षा का आयोजन एक ही दिन और एक ही स्थान पर कराना प्रशासनिक और सुरक्षा दोनों दृष्टिकोण से बेहद चुनौतीपूर्ण है।
- राजभवन के पत्र का इंतजार
रुहेलखंड विश्वविद्यालय में 12 अक्तूबर को आयोजित होने वाले 23वें दीक्षांत समारोह की तैयारियां अब अपने अंतिम चरण में हैं। समारोह का मुख्य स्थल ''अटल सभागार'' लगभग तैयार हो चुका है। हालांकि, विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभी तक दीक्षांत समारोह की तारीख बदलने की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। विवि प्रशासन का कहना है कि वह राज्यभवन (कुलाधिपति कार्यालय) से दीक्षांत समारोह के संबंध में अगले दिशा-निर्देश आने का इंतजार कर रहे हैं। राजभवन के पत्र आने के बाद ही नई तिथि को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। पिछले साल भी किसी परीक्षा के कारण दीक्षांत समारोह की तारीख को आगे बढ़ाया गया था। अब एक बार फिर, पीसीएस परीक्षा के प्रवेश पत्र जारी होने के बाद, यह साफ जाहिर है कि रुविवि प्रशासन को मेधावियों को उपाधि और पदक देने का यह गौरवशाली समारोह आगे बढ़ाना ही पड़ेगा। संवाद