बरेली सिटी से भरतपुर, मथुरा और काशीपुर के लिए शनिवार से नई ट्रेनें शुरू होने जा रही हैं। इसके लिए पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से व्यवस्थाएं पूरी कर ली गईं हैं। फिलहाल, ये ट्रेेनें पैसेंजर होंगी, लेकिन जुलाई से एक्सप्रेस ट्रेन चलने लगेगी। इसके अलावा डिब्बों की नई खेप और रेल प्रशासन से मंजूरी मिलते ही कासगंज-मथुरा होते हुए जयपुर, जोधपुर, मुंबई और दक्षिण के लिए ट्रेनें शुरू कर दी जाएंगी। कुछ ट्रेनों को दूसरे ट्रैक के स्थान पर इस ट्रैक से निकालने की तैयारी है।
भरतपुर के लिए बरेली सिटी से रोजाना दोपहर डेढ़ बजे ट्रेन चलेगी, जो कि शाम सात बजकर 38 मिनट पर मथुरा और रात्रि में 11 बजे भरतपुर पहुंचेगी। दूसरी ट्रेन बरेली सिटी से शाम पांच बजकर दस मिनट पर चलेगी और रात 11 बजकर 20 मिनट पर मथुरा पहुंचेगी। भरतपुर से यह ट्रेन सुबह 5.30 बजे बरेली के लिए चलेगी। इसी तरह मथुरा से बरेली के लिए सुबह छह बजे ट्रेन चलेगी।
बरेली से उत्तराखंड के काशीपुर के लिए सुबह 5.55 बजे ट्रेन चलेगी, जो कि दोपहर 12 बजे काशीपुर पहुंचेगी। काशीपुर के लिए दूसरी गाड़ी सुबह 10.30 बजे बरेली सिटी से चलकर दोपहर 3.25 बजे काशीपुर पहुंचेगी। काशीपुर के लिए तीसरी गाड़ी शाम 5.25 बजे चलकर रात 9.15 बजे काशीपुर पहुंचेगी।
अगले महीने से मझोला तक ट्रेन चलाने की तैयारी
बरेली से टनकपुर ट्रैक पर जुलाई तक ट्रेनों का संचालन कराने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे जून तक मीटर गेज को ब्राड गेज में परिवर्तित कर देगा। इसलिए दूसरे फेज में पीलीभीत से मझोला तक के ट्रैक का काम पूरा होने के बाद 21 मार्च को सीआरएस का निरीक्षण तय हो गया है। सीआरएस की ओर से ओके रिपोर्ट मिलने के बाद अगले महीने से मझोला तक ट्रेनों का संचालन शुरू हो सकेगा।
शुक्रवार को रेलवे के मुख्य संरक्षा अधिकारी ने इस ट्रैक का निरीक्षण किया। उन्होंने इस ट्रैक को ट्रेनसंचालन के लिए उपयुक्त मानते हुए हरी झंडी दे दी है। अब सीआरएस की ओर से निरीक्षण और उनकी ओके रिपोर्ट का इंतजार है।
बरेली सिटी से टनकपुर तक 117 किलोेमीटर तक के रूट पर पहले फेज में पीलीभीत तक करीब 50 किलोमीटर तक ट्रेनें संचालित कर दी गईं हैं। दूसरे फेज में 90 किलोमीटर मझोला और तीसरे फेज में टनकपुर तक 117 किलोमीटर ट्रेन संचालित होंगी। रेल अफसरों का कहना है कि जून तक ट्रैक तैयार हो जाएगा। उसके बाद बोर्ड की अनुमति मिलते ही किसी भी समय ट्रेनों का संचालन शुरू हो सकेगा।
‘ट्रैक तैयार है, 21 को सीआरएस के निरीक्षण के बाद अगले महीने से ट्रेनों के संचालन की तैयारी है’।
- राजेंद्र सिंह, पीआरओ पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जत नगर मंडल