बरेली। सरकारी अस्पतालों के पास अग्निशमन विभाग की एनओसी तो है, लेकिन आग बुझाने के लिए जरूरी इंतजाम और उपकरण नाकाफी हैं। कहीं एक्सपायर अग्निशमन यंत्र लगे हैं तो कहीं हौज पाइप ही गायब है। बच्चा वार्ड के बाहर बिजली का बोर्ड खुला पड़ा है। ऐसे में यहां भी बेपरवाही की आग भड़क सकती है।
झांसी के रानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के एनआईसीयू में हुए अग्निकांड के बाद अमर उजाला की टीम ने शनिवार को जिला अस्पताल, महिला अस्पताल का जायजा लिया। दोनों अस्पतालों के पास फायर एनओसी है। जिला अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर कई अग्निशमन सिलिंडर रखे मिले, लेकिन उनमें से एक करीब सात माह पहले एक्सपायर हो चुका है। बच्चा वार्ड के बाहर बिजली का बोर्ड खुला मिला। महिला अस्पताल की एमसीएच विंग के एसएनसीयू में 13 नवजात शिशु भर्ती रहे। व्यवस्था दुरुस्त मिली।
एमसीएच विंग के ग्राउंड फ्लोर पर लगे हौज बॉक्स का कांच टूटा मिला। उसमें कचरा भरा था। पहली मंजिल पर बने पीएनसी वार्ड के बाहर हौज पाइप का बॉक्स तो लगा था, लेकिन हौज पाइप गायब मिली। वहीं, शौचालय के पास बिजली के बोर्ड लगे मिले।
वर्जन
अस्पताल में एक अग्निशमन सिलिंडर एक्सपायर हो चुका है। उसे रविवार को बदल दिया जाएगा। अन्य खामियों को भी दूर कराया जाएगा। - डॉ. अलका शर्मा, एडी एसआईसी, जिला अस्पताल
हमारे पास फायर एनओसी है। बॉक्स का टूटने और हौज पाइप के गायब होने की जानकारी नहीं है। इसे कल दिखवाकर दुरुस्त करा दिया जाएगा। - डॉ. त्रिभुवन प्रसाद, सीएमएस, महिला अस्पताल