रुहेलखंड विश्वविद्यालय बरेली की ओर से जारी परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव न होने पर शिक्षकों में आक्रोश बरकरार है। रुटा ने बुधवार को जहां कुलपति से मुलाकात की। वहीं बरेली कॉलेज शिक्षक संघ ने आम सभा की बैठक कर शीतकालीन अवकाश और रविवार को परीक्षा में सहयोग नहीं करना का प्रस्ताव पारित किया। कुलपति से मुलाकात के बाद भी परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी।
रुहेलखंड विश्वविद्यालय शिक्षण संघ (रुटा) के महामंत्री प्रो. स्वदेश सिंह ने बताया कि बुधवार को प्रतिनिधिमंडल ने कुलपति प्रो. केपी सिंह से मुलाकात की। जहां कुलपति ने परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार को निर्देशित किया कि सकारात्मक रुख अपनाया जाए।
इसको लेकर शिक्षक संघ ने कहा कि 23 दिसंबर से एक जनवरी तक होने वाली परीक्षाओं को किसी और तिथि में कराया जाए। वहीं बरेली कॉलेज शिक्षक संघ ने भी बहुउद्देशीय हॉल में आम सभा की बैठक में प्रस्ताव के संबंध में प्राचार्य को भी पत्र भेजा गया है। इस अवसर पर प्रो. गजेंद्र पाल सिंह, प्रो. अनूप कुमार, प्रो. वंदना शर्मा, प्रो. मनमीत कौर उपस्थित रहे।