ऑनलाइन माध्यम बेहतर विकल्प
नए विद्यार्थियों के लिए प्राइवेट पढ़ाई से बेहतर विकल्प तैयार किया गया है। वे ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई कर सकेंगे। इसके लिए विश्वविद्यालय में डिजिटल लर्निंग हब बनाया जा रहा है। इससे दुनिया के किसी भी कोने से विद्यार्थी ऑनलाइन पढ़ाई कर सकेंगे।
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर ही सभी पाठ्यक्रम उपलब्ध रहेंगे। परीक्षा से लेकर परिणाम तक डिजिटल होगा। फीस जमा करने के लिए कतार में लगने से राहत मिलेगी। ऑनलाइन पाठ्यक्रम में एआई, मशीन लर्निंग जैसे अत्याधुनिक कोर्स भी शामिल किए जाएंगे।
वैश्विक स्तर पर बन रही पहचान
प्रो. केपी सिंह ने कहा कि वर्ष 2024 में चार देशों से 71 अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय में प्रवेश लिया है। नए सत्र में विश्वविद्यालय अंतरराष्ट्रीय ट्रांजिट हॉस्टल, पायलट इनक्यूबेशन फैसिलिटी व डिजिटल लर्निंग हब शुरू करेगा। एनईपी का पूरी तरह से क्रियान्वयन किया जाएगा। विद्यार्थी हित में सभी कार्य डिजिटल होंगे। इस दौरान उप कुलसचिव सुनीता यादव, डॉ. अमित सिंह, जहीर अहमद, तपन वर्मा आदि उपस्थित रहे।
मुरादाबाद विवि तैयार, रुविवि से कम होंगे 372 कॉलेज
मुरादाबाद में गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय का संचालन शुरू किया जा रहा है। इसके लिए सोमवार को विभिन्न पदों पर नियुक्तियों के संबंध में शासन स्तर से कुलसचिव को निर्देश दिए गए हैं। इसमें सत्र 2025-26 से प्रवेश शुरू होने की संभावना है।
कुलपति ने कहा कि वर्तमान में विवि से 614 कॉलेज संबद्ध हैं। इसमें से 372 महाविद्यालय मुरादाबाद व 242 कॉलेज बरेली क्षेत्र में हैं। अगले सत्र से रुविवि के पास 242 कॉलेज रह जाएंगे। ऐसे में विवि लगातार नवाचार के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने की कवायद कर रहा है।