बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस पर शुक्रवार से खेलकूद प्रतियोगिताएं शुरू हुईं। पहले दिन क्रिकेट, रेस, म्यूजिकल चेयर, बैडमिंटन आदि की प्रतियोगिताएं हुईं। क्रिकेट में कर्मचारियों ने शिक्षकों को हराकर चैंपियनशिप पर कब्जा किया।
50 साल से अधिक आयु वर्ग में कर्मचारी जगत देव सिंह ने 100 मीटर रेस में प्रथम स्थान हासिल किया जब कि सुरेंद्र सिंह यादव दूसरे स्थान पर रहे। 400 मीटर दौड़ में बृजपाल प्रथम रहे, रामदीन दूसरे स्थान पर रहे। 50 साल से कम आयु वर्ग में 100 मीटर की दौड़ आदित्य प्रकाश ने जीती। राजमणि को दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। 400 मीटर दौड़ में शादाब प्रथम, राजमणि यादव दूसरे स्थान पर रहे। कबड्डी में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी विजेता रहे और तृतीय श्रेणी के कर्मचारी उपविजेता बने। विजयी टीम में विजय, सुरेंद्र चंद्र, पतिराखन, विजय कुमार, खीमाचंद, नरेंद्र कुमार, प्रदीप कुमार, दीपक कन्नौजिया, देवेंद्र सिंह बसंत लाल, सूरज शामिल रहे। विजेता टीम में शैलेंद्र शर्मा, गौरीशंकर, मुकेश कुमार, धर्मेंद्र यादव, पुष्पेंद्र शर्मा, आनंद सिंह अधिकारी, राम मोहन, राजमणि यादव शामिल थे। क्रिकेट मैच में कर्मचारियों की टीम ने शिक्षकों की टीम को मात दी। शनिवार को भी खेल प्रतियोगिताएं होंगी। इस आयोजन में क्रीड़ा सचिव प्रो. एके जेटली के साथ ही डॉ. हेम गौतम आदि का सहयोग रहा।