विश्वविद्यालय प्रवेश समिति ने कोरोना को देखते हुए बढ़ाई तिथि
विज्ञापन
सभी कॉलेजों में 10 सितंबर तक दाखिले की अंतिम तिथि
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय और उससे संबद्घ 548 कॉलेजों में कोरोना की वजह से दाखिले के लिए पंजीकरण की समय सीमा पांच बढ़ाकर बीस अगस्त कर दी गई है। 25 अगस्त से प्रवेश शुरू हो जाएंगे। विश्वविद्यालय में कुलपति की अध्यक्षता में प्रवेश समिति की बैठक के बाद यह महत्वपूर्ण फैसला लिया गया है।
विश्वविद्यालय और उससे संबद्घ कॉलेजों में स्नातक सहित अन्य कोर्स में प्रवेश के लिए दो मई से पंजीकरण हो रहे हैं। पहले इनकी अंतिम तिथि पांच अगस्त थी लेकिन कोरोना की वजह से तमाम छात्र रजिस्ट्रेशन के लिए पहुंच ही नहीं पा रहे थे। बुुधवार को कुलपति प्रो. अनिल शुक्ला की अध्यक्षता में हुई प्रवेश समिति की बैठक में पंजीकरण के लिए समय सीमा बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया। समिति ने इसके लिए 15 दिन की समय सीमा बढ़ाते हुए अंतिम तिथि पांच अगस्त के बजाय 20 अगस्त कर दी है। समिति के निर्देश दिए हैं कि सभी कॉलेज प्रवेश प्रक्रिया 25 अगस्त से शुरू कर 10 सितंबर तक पूरी कर लें।
प्रवेश परीक्षा होगी या नहीं.. फैसला बाद में
विश्वविद्यालय में प्रवेश समन्वयक प्रोफेसर एसके पांडेय ने बताया कि हर साल एमएड, बीएलएड, एलएलएम सहित कई कोर्स के लिए प्रवेश परीक्षाएं होती हैं। इस बार कोरोना के कारण प्रवेश परीक्षाएं होंगी या नहीं? प्रवेश समिति की बैठक में इसे लेकर प्रस्ताव रखा गया था। प्रस्ताव था कि कोरोना के संक्रमण को देखते इनके लिए भी मेरिट के आधार पर प्रवेश हो जाएं मगर सदस्यों ने कहा कि जब दूसरी परीक्षाएं हो सकती हैं तो इनके लिए मेरिट क्यों बनेगी। हालांकि इस पर फैसला नहीं हो सका। समिति बाद में कोई फैसला करेगी।
‘प्रवेश समिति की बैठक में रजिस्ट्रेशन की समय सीमा बढ़ाने के साथ दाखिला के लिए भी तिथि तय कर दी गई है। जिन कक्षाओं के लिए परीक्षा करानी है, उस पर बाद में फैसला होगा।’ - प्रो. अनिल शुक्ला, कुलपति, रुहेलखंड विश्वविद्यालय