इसके बाद दुकानदारों ने अपने साथियों के साथ यह कार्रवाई देख रहे पास के ही भाजपा नेता एवं दवा व्यापारी अंकित भाटिया, हिंदू युवा वाहिनी के महानगर प्रभारी कमल राणा, नरेंद्र राणा आदि पर हमला कर दिया। इस पर दोनों पक्षों के लोग सामने आ गए। फिर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई और तलवारें चलीं। इसमें एक पक्ष से भाजपा नेता अंकित भाटिया और दूसरे पक्ष से हन्नान, मुजीब और नवाज घायल हुए हैं। हंगामा होते देख कुछ ही देर में पूरा बाजार बंद हो गया और तमाम भीड़ सड़क पर जमा हो गई। सूचना मिलते ही डीएम शिवाकांत द्विवेदी, एसएसी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज और कई थानों की पुलिस वहां पहुंच गई।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद शांत हुआ मामला
इस मामले में भाजपा नेता यतिन भाटिया की ओर से थाना प्रेमनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरोप है कि दूसरे पक्ष के बानखाना निवासी मो. इनाम, मो. नवाज अली, मो. रहीस, हसनान, मुजीब और अज्ञात ने उन लोगों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसमें उनके भाई अंकित भाटिया चाकू लगने से गंभीर घायल हो गए। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद लोग शांत हो गए। हालांकि रात आठ बजे तक भीड़ सड़क पर ही जमा रही।