पीएसी बुलाकर खदेड़ा भीड़ को, 13 नामजद समेत तमाम के खिलाफ रिपोर्ट
डेढ़ लाख कैश और जेवर भी लूटने का आरोप, दो हमलावरों को गिरफ्तार किया
हाफिजगंज। दूसरे समुदाय के शादीशुदा युवक के लड़की को ले जाने का मामला गरमाने लगा है। छह दिन बाद भी लड़की की बरामदगी न होने से गुस्साए लोगों ने बृहस्पतिवार रात आरोपी युवक के एक परिचित के घर धावा बोलने के बाद जमकर तोड़फोड़ की। गांव पहुंची पुलिस को भी भीड़ ने घेर लिया। पीएसी बुलाने के बाद भीड़ को डंडे फटकारकर खदेड़ा गया। पुलिस ने इस मामले में 13 लोगों को नामजद करते हुए कई अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की है। इसमें भीड़ पर डेढ़ लाख रुपये कैश और जेवर लूटने का आरोप भी लगाया गया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
छह दिन पहले एक गांव की लड़की को दूसरे समुदाय का शादीशुदा युवक अपने साथियों की मदद से घर से भगा ले गया था। लड़की के पिता की ओर से घटना की रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस लगातार आरोपी युवक और लड़की को तलाश कर रही है। पिछले दिनों दोनों के नोएडा में होने की सूचना पर पुलिस की एक टीम को वहां भेजा गया था लेकिन लड़की बरामद नहीं हो सकी। इस बीच भाजपा नेता और हिंदू संगठन लगातार लड़की को बरामद करने का दबाव पुलिस पर बनाए हुए हैं। पुलिस 10-12 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है लेकिन फिर भी लड़की के बारे में कोई सूचना नहीं मिल पाई है।
लड़की न मिलने से नाराज तमाम लोगों ने बृहस्पतिवार रात करीब दस बजे गांव में आरोपी युवक के परिचित आबिद अल्वी के बंद मकान पर धावा बोल दिया। दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसी भीड़ ने घर में जमकर तोड़फोड़ की। एक बाइक भी तोड़कर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। भीड़ का कहना था कि आबिद ने ही लड़की को कहीं छिपाया है। घटना की सूचना पर पुलिस गांव पहुंची तो गुस्साए लोग पुलिस से भी भिड़ गए। भीड़ के बीच घिरे पुलिस वालों ने अधिकारियों को सूचना दी तो आनन-फानन पीएसी को गांव भेजा गया। पीएसी ने लाठियां फटकार भीड़ को खदेड़ा जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर रूपकिशोर और अरुण कुमार को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को दोनों को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इस मामले में आबिद की पत्नी की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है जिसमें कहा गया है कि गांव के लोचन, सोनू, रूपकिशोर, पोथीराम, अरुण कुमार, उपदेश, होरी, नन्हे, हरीश, झम्मन, परमानंद, नन्हू और हरप्रसाद ने कई अज्ञात लोगों के साथ उनके घर में दरवाजे पर लगा ताला तोड़कर घुसने के बाद तोड़फोड़ की। घर से डेढ़ लाख रुपये कैश और जेवरात भी लूट ले गए। उधर, पुलिस की इस कार्रवाई पर हिंदू संगठनों ने रोष जताया है।