बरेली। आरएसओ जितेंद्र यादव का तबादला मेरठ हो गया है। वे बीते चार सालों से बरेली में सेवाएं दे रहे थे। उनके स्थानांतरण की खबर सुनते ही देर रात खिलाड़ियों ने उनसे बात कर आशीर्वाद लिया। वहीं, वॉलीबॉल खेल से जुड़ीं अयोध्या की चंचल मिश्रा को बरेली भेजा गया है। वह सोमवार को पदभार संभालेंगीं।
आरएसओ जितेंद्र यादव ने अपने कार्यकाल में कई प्रतियोगिताओं की मेजबानी कराई। इसमें सबसे बड़ी ऑल इंडिया फुटबॉल प्रतियोगिता भी शामिल है। इस अवधि में लगभग 10 प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताएं भी जिले को दिलाईं। अराजक तत्वों को भी स्पोर्ट्स स्टेडियम से हटवाने में उनकी अहम भूमिका रही। आरएसओ जितेंद्र यादव ने कहा कि बरेली के खिलाड़ियों और कोच का हृदय से आभार, जिन्होंने उनके कार्यकाल में हर तरह से सहयोग दिया है।
खिलाड़ियों को योजनाओं का लाभ दिलाना है प्राथमिकता : चंचल
बरेली की नई क्रीड़ाधिकारी चंचल मिश्रा ने औपचारिक बातचीत में कहा कि उनकी प्राथमिकता में खिलाड़ियों को सुविधा दिलाना है, जो सरकार की ओर से उनके लिए चलाई जा रही हैं। स्टेडियम में भी खिलाड़ियों को हर सुविधा प्रदान की जाएगी, जिससे खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को प्रदेश, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक की प्रतियोगिताओं में प्रदर्शित कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि स्टेडियम में प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर भी वे प्रयास करेंगीं। चंचल मिश्रा खुद भी वॉलीबॉल की खिलाड़ी हैं और राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।