बरेली। बरेली कॉलेज में एमए इंग्लिश की मिड टर्म परीक्षा देने पहुंची एक छात्रा को परीक्षा के दौरान अचानक पथरी का तेज दर्द उठा और वह दर्द से कराहने लगी। परीक्षा हॉल में मौजूद स्टाफ और अन्य परीक्षार्थियों ने तत्काल इसकी सूचना कॉलेज प्रशासन को दी और मेडिकल सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। विद्यार्थियों के अनुसार छात्रा को दर्द उठे हुए लगभग आधे घंटे का समय बीत चुका था, तब जाकर कहीं डॉक्टर मौके पर पहुंच पाए। डॉक्टर के पहुंचने के बाद छात्रा को प्राथमिक उपचार दिया गया। इस घटना से बरेली कॉलेज में छात्रों के लिए उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की पोल खुल गई है। विद्यार्थियों ने कॉलेज प्रशासन से इस मामले पर गंभीरता से विचार करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। संवाद