नवाबगंज। जमीन का बैनामा कराने के बाद खरीदारों ने दो किसानों को 9.45 लाख रुपये की धनराशि नहीं दी। भुगतान नहीं देने पर किसानों ने मंगलवार को चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। हाफिजगंज थाना क्षेत्र के गुपलापुर गांव के किसान ताहिर खां व तैय्यब खां ने बताया कि उनके नाम ग्राम खाईखेड़ा में कृषि भूमि दर्ज है। आरोपी दौलत खा उनके पास आया और उनसे कहा कि अगर वह अपनी भूमि बेचना चाहे तो उनके पास तीन खरीदार हैं। 25 अगस्त को किसान भूमि का बैनामा कराने के लिए सब रजिस्टार कार्यालय पहुंचे तो वहां दौलत खां, हरदुआ निवासी खरीदार खेरूल निशां, इज्जतनगर के बहोड़ा निवासी गुड़िया अंसारी, नवाबगंज के मोहम्मद इलियास पहुंचे।
वहां जमीन के लिए 9.45 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। इसके बाद आरोपियों ने किसानों को बताया कि रकम उनके बैंक खातों में जमा कर दी गई है, लेकिन 26 अगस्त को खातों में धनराशि नहीं पहुंची।
18 सितंबर को जब किसानों ने रकम दोबारा मांगी तो आरोपियों ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। सीओ नीलेश मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।