बरेली। शहर में जाम की समस्या खत्म करने के लिए छह रूटों पर ट्रैफिक पुलिस ने रूट मार्शल की तैनाती तो कर दी गई है, लेकिन अभी जाम से निजात में कुछ समय लग सकता है। दरअसल, रूट मार्शल जाम लगने के कारणों और निवारण के उपायों का अध्ययन कर रहे हैं।
सेटेलाइट बस अड्डे के आसपास रोडवेज बसों के सड़क पर खड़ी होने से जाम लगता है। यहां सड़क के दोनों ओर तमाम ठेले-खोमचे भी लगते हैं। इस कारण ईसाइयों की पुलिया से सेटेलाइट और पीलीभीत बाइपास तक जाम लगता है। कोहाड़ापीर में बेतरतीब ऑटो व ई-रिक्शा के संचालन के कारण जाम लगता है।
बरेली कॉलेज से पुराने बस अड्डे और नावल्टी तक सड़क के दोनों ओर फुटपाथ पर दुकानदारों का कब्जा है। यहां बड़ी संख्या में वाहन भी अवैध पार्किंग में खड़े रहते हैं। सड़क संकरी है। इससे रोडवेज बसों के आवागमन के दौरान जाम लगता है।
नगर निगम के पीछे ही अवैध पार्किंग : नगर निगम के पीछे स्थित मार्केट में सड़क के दोनों ओर पहले तो दुकानदारों ने सामान रख लिया है। बची हुई जगह में वाहनों की अवैध पार्किंग जाम का कारण बन रही है। नावल्टी चौराहे पर स्कूलों की छुट्टी के दौरान वाहनों का दबाव बढ़ने से भीषण जाम लगता है।