बरेली। युवाओं को आर्थिक सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से रोटरी क्लब ऑफ बरेली ने कैपिटल क्राफ्टर के सहयोग से फाइनेंशियल सेंटर की स्थापना की है। यहां युवाओं को निवेश, उद्यमिता, आधुनिक वित्तीय कौशल का प्रशिक्षण मिलेगा। दक्षता आधारित नौकरी दिलाएंगे।
शनिवार को रामपुर गार्डन स्थित कैपिटल क्राफ्टर परिसर में फाइनेंशियल सेंटर का उद्घाटन डिस्ट्रिक्ट काउंसलर डॉ. एके चौहान, अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा, सेंटर डायरेक्टर संदीप तिवारी ने किया। अध्यक्ष के मुताबिक कॅरिअर और जीवन से जुड़े वित्तीय निर्णय के लिए सेंटर में कई शॉर्ट टर्म सर्टिफिकेट कोर्स निशुल्क संचालित होंगे। फाइनेंशियल लिटरेसी, मनी मैनेजमेंट, निवेश जागरूकता (शेयर मार्केट, म्यूचुअल फंड, एसआईपी), फाइनेंशियल प्लानिंग, टैक्स बेसिक, डिजिटल फाइनेंस, साइबर सुरक्षा, स्टार्टअप, उद्यमिता विकास आदि में कॅरिअर का मार्गदर्शन दिया जाएगा। साथ ही, विषय संबंधी नियमित कार्यशाला, सेमिनार, काउंसलिंग सत्र होंगे। डॉ. एके चौहान को अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सचिव डॉ. शेखर यादव, अरविंद भटनागर, डीपी सिंह, अनुराग सक्सेना, विपिन गर्ग, विनय सक्सेना, एएस अग्रवाल मौजूद रहे।
प्रवेश पंजीकरण शुरू, साल में संचालित होंगे तीन बैच
मनीष के मुताबिक कोर्स में प्रवेश और पंजीकरण की प्रक्रिया निशुल्क है। पंजीकरण के लिए मोबाइल नंबर 7055488883 पर संपर्क कर सकते हैं। 15 विद्यार्थियों का बैच एक अप्रैल से शुरू होगा। साल में तीन बैच संचालित होंगे। अगर किसी कंपनी का स्पॉन्सर मिला तो पाठ्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को आर्थिक मदद भी की जाएगी। कोर्स संपन्न होने के बाद रोटरी क्लब बरेली और कैपिटल क्राफ्टर का संयुक्त प्रमाण पत्र भी मिलेगा।