बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी कॉलोजों के स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू होगी। सभी प्रवेश समर्थ पोर्टल के जरिये होंगे। विवि प्रशासन की ओर से पोर्टल पर प्रवेश प्रक्रिया का ट्रायल भी किया गया है। इसके बाद बीए, बीएससी, बीकॉम समेत अन्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पंजीकरण शुरू होंगे। ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 जून निर्धारित है।
कुलसचिव संजीव कुमार सिंह ने बताया कि ट्रायल के दौरान पोर्टल की कार्यप्रणाली, आवेदन प्रक्रिया, दस्तावेज अपलोडिंग और अन्य तकनीकी पहलुओं का परीक्षण किया गया। परीक्षण सफल रहने के बाद अब पोर्टल को मंगलवार को विधिवत रूप से खोल दिया जाएगा। इस पर प्रवेश के लिए सभी जरूरी सूचनाएं उपलब्ध करा दी गई हैं। प्रवेश लेने के इच्छुक छात्र-छात्राओं को आवेदनपत्र ध्यानपूर्वक भरने की सलाह दी है। साथ ही, सभी महाविद्यालयों और संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रवेश प्रक्रिया में छात्र-छात्राओं को होने वाली समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए हेल्प डेस्क को सक्रिय रखें।
पोर्टल पर मिलेगी कटऑफ की जानकारी
अब पोर्टल पर ही विद्यार्थियों को कटऑफ, ऑनलाइन शुल्क भुगतान व काउंसलिंग आदि की जानकारियां दी जाएंगी। कुलपति प्रो. केपी सिंह ने बताया कि समर्थ पोर्टल के माध्यम से आवेदन करना छात्रों के लिए सरल और सुविधाजनक होगा।
पिछले साल ढाई लाख विद्यार्थियों ने किए थे आवेदन
पिछले साल बरेली मंडल के करीब ढा़ई लाख छात्र-छात्राओं ने प्रवेश के लिए आवेदन किए थे। इनमें 80 हजार व्यक्तिगत अभ्यर्थी भी शामिल थे। इस बार व्यक्तिगत फाॅर्म नहीं भरे जाने हैं। ऐसे में स्नातक की करीब सवा लाख रेगुलर सीटों पर प्रवेश के लिए तगड़ी प्रतिस्पर्धा हो सकती है। प्रवेश के लिए सबसे लंबी कतार 40 सरकारी और एडेड कॉलेजों में होगी। वहीं, कला और कॉमर्स के मुकाबले विज्ञान वर्ग की सीटें कम हैं। इसलिए इसमें भी प्रवेश पाना विद्यार्थियों के लिए आसान नहीं होगा। रुहेलखंड विश्वविद्यालय से पहले 614 कॉलेज संबद्ध थे। अब इसमें से 372 कॉलेज गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय मुरादाबाद के निर्देशन में संचालित होंगे। अब रुहेलखंड विश्वविद्यालय के पास केवल 242 काॅलेज रह गए हैं। संवाद