महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पांचवें चरण की घोषणा की है। यह उन छात्रों के लिए है जो पहले पंजीकरण नहीं करा पाए या प्रवेश से वंचित रह गए थे। पंजीकरण 23 जुलाई से शुरू होकर 28 जुलाई तक चलेगा।
बरेली के महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय और इससे संबद्ध महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने चौथे चरण के बाद अब पांचवें चरण के तहत ऑनलाइन पंजीकरण और प्रवेश प्रक्रिया की तिथियां घोषित कर दी हैं। जो छात्र किसी कारणवश अब तक पंजीकरण नहीं करा पाए हैं या पूर्व के चरणों में पंजीकृत होने के बावजूद प्रवेश लेने से वंचित रह गए थे, उनके लिए यह एक मौका है।
विज्ञापन
विश्वविद्यालय की ओर से जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, स्नातक स्तर के विभिन्न पाठ्यक्रमों में पांचवें चरण के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया बृहस्पतिवार से आरंभ हो रही है। अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के आधिकारिक वेब पोर्टल पर जाकर 150 रुपये शुल्क जमा करके अपना ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। पांचवें चरण में ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 28 जुलाई तय की गई है।
इसके बाद विश्वविद्यालय परिसर और संबद्ध महाविद्यालय प्रथम, द्वितीय, तृतीय, चतुर्थ और पंचम चरण में पंजीकृत ऐसे सभी अभ्यर्थियों की एकीकृत ऑनलाइन मेरिट सूची तैयार करेंगे, जो अब तक प्रवेश प्राप्त नहीं कर सके हैं। यह मेरिट सूची 29 से 31 जुलाई के बीच संबंधित कॉलेजों और परिसर के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित की जाएगी। अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश शासन, विश्वविद्यालय और संबंधित नियामक संस्थाओं के आरक्षण एवं प्रवेश नियमों के तहत 31 जुलाई तक मेरिट के आधार पर अंतिम प्रवेश दिया जाएगा।