रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने वेबसाइट पर बीए तृतीय वर्ष के ब्लैंक एडमिट कार्ड अपलोड कर दिए हैं। छात्रों ने प्रवेश पत्र डाउनलोड किए तो उनमें कोई विवरण ही दर्ज नहीं था। हालांकि बीकॉम द्वितीय वर्ष के प्रवेश पत्र सही डाउनलोड हो रहे हैं। प्रवेश पत्र में कोई विवरण ही दर्ज न होने से बीए तृतीय वर्ष के छात्रों में गुस्सा है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से शिकायत की है। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की स्नातक और परास्नातक की मुख्य परीक्षाएं 17 जून से शुरू होनी हैं। इनके प्रवेश पत्र सोमवार को वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए। विद्यार्थियों ने प्रवेश पत्र डाउनलोड किए तो बीए तृतीय वर्ष के प्रवेश पत्र ब्लैंक निकले। उनमें न छात्र का नाम दर्ज था और न पिता का।
कॉलेज और विश्वविद्यालय का नाम भी नहीं था। है। छात्रों ने कई-कई बार प्रवेशपत्र डाउनलोड किए, लेकिन हर बार ब्लैंक ही निकले। छात्र इमरान खान, सुदीप कुमार, विक्रम शर्मा आदि का कहना है कि पूरा दिन प्रवेश पत्र डाउनलोड करने में निकल गया, लेकिन सही प्रवेश पत्र नहीं मिला। इससे छात्रों में नाराजगी है।
परीक्षा फार्म 17 तक जमा होंगे तो परीक्षा कब होगी
रुहेलखंड विश्वविद्यालय की परीक्षाएं 17 जून से शुरू होनी हैं, लेकिन विश्वविद्यालय ने परीक्षा फार्म भरने की तिथि भी 17 जून घोषित कर दी है। ऐसे में छात्रों के बीच सवाल उठ रहा है कि जब परीक्षाएं 17 जून से शुरू हो रही हैं तो उसी दिन आवेदन कैसे किए जा सकते हैं। छात्रों का कहना है कि ऐसे में निर्धारित तिथि पर परीक्षाएं शुरू होना ही मुश्किल हैं।