सीबीगंज। मोबाइल फोन छीनकर भाग रहे बाइक सवार लुटेरे को युवक ने पकड़ लिया। लोगों ने उसकी जमकर पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मथुरापुर निवासी जितेंद्र ने बताया कि वह रामपुर रोड स्थित बड़ी बाजार के पास एक दुकान पर काम करते हैं। साइकिल से रविवार दोपहर घर खाना खाने जा रहे थे। मथुरापुर के पास एक बाइक सवार युवक उनके पास आकर रुका और उनसे बात करने के लिए मोबाइल फोन मांगा। तभी बाइक सवार ने मोबाइल फोन को मुंह में दबाया और भागने लगा। जितेंद्र ने उसे दौड़कर पकड़ लिया और शोर मचा दिया। इस दाैरान आसपास के लोग भी मौके पर आ गए और आरोपी को पीट दिया। उसे लेकर थाने लेकर पहुंचे। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बारादरी के कांकरटोला निवासी अरशद बताया। इंस्पेक्टर राजबली ने बताया कि अरशद शातिर अपराधी है। उस पर कई थानों में मामले पंजीकृत हैं। दो माह पहले ही वह जेल से छूटकर आया है। उसके पास मिली बाइक भी चाेरी की है। संवाद