बरेली। आने वाले वर्षों में रोडवेज चरणबद्ध तरीके से डीजल पर निर्भरता घटाएगा। इसके लिए 200 ई-बसों का अत्याधुनिक टर्मिनल बनाया जाएगा। इस प्रोजेक्ट का मकसद पर्यावरण संरक्षण और परिचालन लागत में कमी लाना है। ई-बसों का संचालन शुरू होने के बाद रोडवेज पर वित्तीय बोझ भी कम होगा। यात्रा भी आरामदेह हो जाएगी।
डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के कारण यात्रा महंगी होने के साथ रोडवेज पर वित्तीय बोझ भी बढ़ता जा रहा है। नगरीय विकास विभाग ने दो साल पहले ही शहर में ई-बसों का संचालन शुरू कर दिया है। ई-बस डिपो स्वालेनगर में बनाया गया है।
अब रोडवेज ई-बसों का संचालन शुरू करेगा। पहले चरण में बरेली से ई-बस सेवा शुरू होगी। इज्जतनगर में केंद्रीय कारागार की 2.285 हेक्टेयर भूमि पर 16.72 करोड़ की लागत से एक बस अड्डा बनकर तैयार है। अगले माह यहां से बसों का संचालन शुरू करने की तैयारी है।
झुमका तिराहा के पास बस अड्डा निर्माण के लिए छह एकड़ और बदायूं रोड पर रामगंगा के पास 4.50 एकड़ भूमि चिह्नित की गई है। ई-बस टर्मिनल झुमका तिराहे के पास चिह्नित की गई भूमि पर बनाने की योजना है। इसके लिए फाइनल लोकेशन सर्वे के बाद डीपीआर तैयार कर मुख्यालय भेजी जाएगी।
बरेली और रुहेलखंड डिपो के बेड़े में 355 डीजल बसें
बरेली और रुहेलखंड डिपो के बेड़े में 355 डीजल बसें हैं। पीलीभीत डिपो के बेड़े में 100 और बदायूं डिपो के बेड़े में 138 बसें हैं। पहले चरण में चरणबद्ध तरीके से बरेली व रुहेलखंड डिपो की डीजल बसों को बेड़े से बाहर करते हुए इनके स्थान पर ई-बसों का संचालन करने की योजना है।
पुराना रोडवेज बस अड्डे पर प्रस्तावित है ई-चार्जिंग स्टेशन
रोडवेज का पुराना बस अड्डा बरेली डिपो और सेटेलाइट बस अड्डा रुहेलखंड डिपो के अधीन आता है। पुराना रोडवेज बस अड्डे पर ई-बस चार्जिंग स्टेशन प्रस्तावित है। अधिकारियों ने बताया कि ई-बस टर्मिनल प्रोजेक्ट के बाद पुराना रोडवेज बस अड्डे पर प्रस्तावित चार्जिंग स्टेशन की परियोजनाओं में फेरबदल संभव है। इस संबंध में वह अभी ज्यादा नहीं बता सकते।
वर्जन :
आने वाले वर्षों में रोडवेज पर्यावरण संरक्षण और परिचालन लागत को घटाने के लिए ई-बसों का संचालन करेगा। इसके लिए पहले चरण में 200 बसों का ई-टर्मिनल बनाने की योजना है। शहर में झुमका तिराहा और बदायूं रोड पर भूमि भी चिह्नित की गई है। मुख्यालय स्तर से जो भी दिशा निर्देश मिलेंगे उनके अनुसार काम किया जाएगा।- दीपक चौधरी, क्षेत्रीय प्रबंधक बरेली परिक्षेत्र