बरेली। प्रयागराज महाकुंभ से रोडवेज बसों की वापसी शुक्रवार से शुरू हो जाएगी। सोमवार तक सभी बसें वापस आ जाएंगी। इसके साथ ही रोडवेज ने होली की तैयारियां शुरू कर दी हैं। होली पर परिक्षेत्र के 81 रूटों पर अतिरिक्त बसों को लगाया जाएगा।
होली 14 मार्च को मनाई जाएगी। इस दौरान बसों पर यात्रियों का दबाव रहेगा। रोडवेज परिक्षेत्र में 600 से ज्यादा बसों का संचालन करेगा। महाशिवरात्रि से पहले ऐन मौके पर प्रयागराज 180 बसों को भेजा गया था। प्रयागराज से वापसी के बाद इन सभी बसों को मरम्मत कर छोटी-मोटी कमियां दूर तक मार्च के पहले सप्ताह तक रूटों का आवंटन किया जाना है।
सेवा प्रबंधक धनजीराम ने बाताया कि सोमवार तक प्रयागराज से 200 बसों की वापसी हो जाएगी। कुछ बसों की बुधवार को ही प्रयागराज से रवानगी हो गई है। बृहस्पतिवार शाम तक यह बसें बरेली पहुंच जाएंगी। बसों का तकनीकी परीक्षण कराने के बाद इनमें काम कराए जाएंगे। संवाद