शीशे पर नहीं लगा था बाइपर
बदायूं डिपो की यह बस भारी बारिश के बीच अलीगढ़ से लौट रही है। बस में बाइपर नहीं होने के कारण रोड पर दौड़ती बस से सड़क देखने के लिए चालक बस चलाने के साथ बार-बार बस के शीशे साफ करता हुआ नजर आ रहा है।
किसी यात्री ने रोडवेज के अधिकारियों की इस लापरवाही का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मुहम्मद शाहरूख नाम के व्यक्ति ने वीडियो के साथ एमडी मासूम अली सरबर से शिकायत कर दी। एमडी ने आरएम बरेली को कार्रवाई का आदेश दिया है।
सीयूजी नंबर रिसीव नहीं करते अधिकारी
रोडवेड के अधिकारियों को सीयूजी नंबर उपलब्ध कराए गए हैं। शिकायत दर्ज कराने के लिए बसों में भी नंबर अंकित किए गए हैं। आरएम और एसएम से लेकर बरेली और रुहेलखंड डिपो के एआरएम सीयूजी नंबर रिसीव करना जरूरी नहीं समझते।
कई-कई बार कॉल करने और मैसेज से शिकायत करने के बाद भी अधिकारी शिकायतों का संज्ञान नहीं लेते। वर्कशॉप से लेकर टाइम ऑफिस तक मनमानी को भी जिम्मेदार अधिकारी नजरअंदाज कर रहे हैं।
जीएम टेक्निकल/नोडल अधिकारी श्याम बाबू ने बताया कि सीयूजी नंबर पर कॉल रिसीव न करना गलत प्रवृत्ति है। इस संबंध में आरएम समेत अन्य अधिकारियों से बात करूंगा। बसें पूरी तरह से दुरुस्त हों इसको लेकर सभी आरएम और एमआरएम को निर्देशित किया जा चुका है। लापरवाही करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।