नवाबगंज। अपनी सास को अस्पताल में देखकर घर लौट रहे बाइक सवार को तेज रफ्तार से आ रही रोडवेज बस ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी घायल हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।
ईधजागीर गांव के 43 वर्षीय सहदेव कुमार पुत्र उमाचरन खेती कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। मंगलवार की शाम चार बजे महानगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती अपनी सास रामवती को देखकर पत्नी सुमन के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। वह जैसे ही बरेली-पीलीभीत हाईवे पर रिछोला पुलिस चौकी के सामने पहुंचे। उसी बीच पीछे से आ रही पीलीभीत डिपो की बस ने अपनी चपेट में ले लिया। इसमें बाइक चला रहे सहदेव कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी घायल हो गई।
आनन फानन में राहगीरों ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। मृतक की पत्नी सुमन, बेटा अजीत और बेटी शगुन का रो-रोकर हाल-बेहाल है।
हेलमेट लगाते तो बच जाती जान
यातायात पुलिस सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट लगाकर वाहन को चलाने को लेकर जागरूक कर रही है, लेकिन लोग घटनाओं के बाद भी सबक नहीं ले रहे हैं। सरकार लोगों की सुरक्षा के लिए नियम और कानून लागू करती है, लेकिन लोग उन नियमों को नहीं मानते हैं। राहगीरों ने बताया कि यदि सहदेव कुमार हेलमेट लगाते तो शायद उनकी जान बच सकती थी। संवाद
मार्ग दुर्घटना में घायल की इलाज के दौरान मौत
भमोरा। विवाह समारोह से रविवार रात लौट रहे बाइक सवारों को कार ने टक्कर मार दी, जिसमें से एक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। थाना क्षेत्र के गांव चकरपुर निवासी कुंवर सैन की पुत्री का बरेली-बदायूं रोड पर भोलापुर के समीप एक बैंक्वेट हॉल में विवाह समारोह था। यहां से लौट रहे बाइक सवार युवक विकास पुत्र कन्हैया व 16 वर्षीय राय सिंह पुत्र मनीराम रोड क्रॉस करते समय कार की चपेट में आ गए। इसमें दोनों गंभीर घायल हो गए। राय सिंह को लखनऊ रेफर किया गया है, जहां मंगलवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इससे परिवार में मातम पसर गया। पिता मनी राम ने बताया कि राय सिंह तीन भाई और एक बहन में सबसे बड़े थे। संवाद
भमोरा, राय सिंह फाईल फोटो