बरेली में परिवहन निगम की परिक्षेत्र स्तर की प्रवर्तन टीम में शामिल सहायक यातायात निरीक्षकों (एटीआई) पर बस चेकिंग के दौरान परिचालक से रिश्वत मांगने का आरोप लगा है। किसी यात्री ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जो अब वायरल हो रहा है। वहीं, एटीआई ने आरोपों को बेबुनियाद बताया है।
क्षेत्रीय प्रवर्तन दल में शामिल एटीआई रजनीश कपूर और विश्वजीत पांडेय शुक्रवार को बरेली-मथुरा हाईवे पर उझानी के पास रोडवेज बसों की चेकिंग कर रहे थे। दोनों ने एटा डिपो की बस को रोका। आरोप है कि बस चेकिंग के दौरान परिचालक से रुपयों की मांग की गई। किसी यात्री ने इसका वीडियो बना लिया। 68 सेकंड के वीडियो में दोनों एटीआई दिख रहे हैं। परिचालक यात्रियों से कह रहा है कि आप लोग ही बताओ, मैंने सभी के टिकट बनाए हैं, फिर भी ये लोग रुपये मांग रहे हैं। कई यात्री भी यह कहते हुए दिख रहे हैं कि परिचालक से रुपये मांगे गए।
एटीआई रजनीश कपूर ने बताया कि बस में एक यात्री बिना टिकट पकड़े जाने पर परिचालक के खिलाफ लिखने के कारण आरोप लगाए जा रहे हैं, जो पूरी तरह निराधार हैं। पकड़े जाने पर खुद को बचाने के लिए परिचालक इस तरह के आरोप लगाते रहते हैं। वहीं, आरएम दीपक चौधरी ने जांच कर कार्रवाई की बात कही है।