बरेली। बरेली जोन पुलिस के सड़क सुरक्षा अभियान परवाह ने कीर्तिमान रचा है। एक माह (19 अप्रैल से 19 मई) में देशभर के एक करोड़ लोगों ने सोशल मीडिया पर इसकी सराहना की है। बरेली जोन की 11 सोशल मीडिया टीमों के साथ ही एडीजी के एआई पीआरओ जारविस ने इसमें अहम भूमिका निभाई है।
एडीजी रमित शर्मा के निर्देश पर जोन की 11 सोशल मीडिया टीमों की सहभागिता से चलाए गए डिजिटल अभियान ने सड़क सुरक्षा को लेकर नई लहर पैदा की। एक्स और फेसबुक जैसे प्लेटफॉर्म पर अभियान को प्रभावी ढंग से चलाया गया। इसमें जोन के सभी नौ जिलों बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा, संभल और बिजनौर के साथ बरेली व मुरादाबाद की यातायात पुलिस की टीमें भी शामिल रहीं। ब्यूरो
-
इस तरह छाया अभियान
एक माह में 1828 फोटो, 2618 टेम्पलेट, 210 पेपर कटिंग एवं 1144 वीडियो सहित कुल 5,785 सोशल मीडिया पोस्ट किए गए। इस पर 1,00,50,530 डिजिटल व्यूज मिले। 10.4 लाख लोगों ने इसे लाइक, शेयर और रिप्लाई किया। अभियान की पोस्ट को एक्स पर 1,90,778 बार रीपोस्ट और फेसबुक पर 38,559 बार शेयर किया गया।
-
रामपुर पुलिस अव्वल, विजेताओं को किया जाएगा सम्मानित
डीआईजी मुरादाबाद मुनिराज, एसपी रामपुर विद्यासागर मिश्र और बरेली की एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा की समिति ने विजेताओं का निर्णय किया। जोन में रामपुर पुलिस प्रथम, बरेली पुलिस द्वितीय और बरेली ट्रैफिक पुलिस तीसरे पायदान पर रही। मुरादाबाद पुलिस, मुरादाबाद ट्रैफिक पुलिस और बदायूं पुलिस को सामूहिक रूप से प्रोत्साहन पुरस्कार दिया जाएगा। एडीजी रमित शर्मा ने बताया कि दोनों परिक्षेत्र की सोशल मीडिया टीमों को भी प्रशस्तिपत्र दिया जाएगा।
-
आंकड़ों की बात : जागरूकता से घटे हादसे
पुलिस, प्रशासन व अन्य संस्थाओं की ओर से चलाए जा रहे जागरूकता अभियान से साल दर साल हादसों की संख्या घट रही है। दो साल का तुलनात्मक आंकड़ा इसकी पुष्टि करता है। वर्ष 2023 में बरेली जिले में 1290 सड़क हादसों में 538 लोगों की जान गई थी। वर्ष 2024 में 1196 सड़क हादसे हुए। इनमें 500 लोगों की मौत हुई। वर्ष 2025 के आंकड़े अभी अपडेट नहीं हैं, लेकिन अधिकारी इसमें और कमी का दावा कर रहे हैं।