मुख्यमंत्री योगी और शासन की मंशा के अनुरूप चलाया गया बरेली जोन पुलिस का परवाह अभियान जन आंदोलन बन रहा है। देश भर में करीब 100 लाख लोग अब तक इस अभियान से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से जुड़ चुके हैं। एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा के निर्देश पर जोन में 19 अप्रैल से 19 मई 2025 तक डिजिटल सड़क सुरक्षा अभियान परवाह ने रिकॉर्ड सफलता अर्जित की है। इस अभियान का उद्देश्य आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना था।
बरेली जोन की 11 सोशल मीडिया टीम की सहभागिता से चलाए गए एक महीने के अभियान ने डिजिटल माध्यम से सड़क सुरक्षा को लेकर नई लहर पैदा की। बरेली जोन की पुलिस ने अभियान को डिजिटल रूप से सशक्त बनाया है। एक्स और फेसबुक जैसे प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अभियान को प्रभावी ढंग से चलाया गया। इस अभियान में बरेली जोन के सभी नौ जिले बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा, संभल और बिजनौर के साथ दो ट्रैफिक पुलिस टीम (बरेली व मुरादाबाद) भी शामिल रहीं।
इस तरह सोशल मीडिया पर छाया परवाह अभियान
1,00,50,530 डिजिटल व्यूज
10.4 लाख से अधिक सोशल मीडिया इंटरेक्शन (लाइक, शेयर, रिप्लाई)
5785 सोशल मीडिया पोस्ट
1828 फोटो, 2618 टेम्पलेट, 210 पेपर कटिंग एवं 1144 वीडियो का प्रयोग किया गया
अभियान की पोस्ट को एक्स पर 1,90,778 बार रीपोस्ट, फेसबुक पर 38,559 बार शेयर किया गया
डीआईजी मुरादाबाद, एसपी रामपुर और एसपी दक्षिणी की कमेटी ने लिया निर्णय
अभियान को प्रभावी बनाने और सोशल मीडिया टीमों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार घोषित किए गए। अभियान के निष्पक्ष मूल्यांकन हेतु एक तीन सदस्यीय समिति गठित की गई। इसकी अध्यक्षता डीआईजी मुरादाबाद मुनिराज ने की। समिति में एसपी रामपुर विद्यासागर मिश्र और एसपी दक्षिणी बरेली अंशिका वर्मा शामिल थीं।
जोन में रामपुर प्रथम, बरेली पुलिस को मिला दूसरा स्थान
प्रथम स्थान: जनपद रामपुर
द्वितीय स्थान: जनपद बरेली
तृतीय स्थान: बरेली ट्रैफिक पुलिस
विजेताओं को सम्मानित करेंगे एडीजी
प्रोत्साहन पुरस्कार सामूहिक रूप से जिला मुरादाबाद, मुरादाबाद ट्रैफिक पुलिस और बदायूं को देने की घोषणा की गई। एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा ने दोनों परिक्षेत्र की सोशल मीडिया टीम को भी अपने परिक्षेत्र की टीमों को प्रोत्साहित करने पर प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। एडीजी रमित शर्मा की ओर से जल्द ही जोन कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित कर सभी विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
आंकड़े बोलते हैं : जागरुकता से घटे हादसे और मृतक संख्या
पुलिस प्रशासन व अन्य संस्थाओं की ओर से चलाए जा रहे जागरुकता अभियान से पता लग रहा है कि साल दर साल हादसों की संख्या में कमी आ रही है। दो साल का तुलनात्मक आंकड़ा इसकी पुष्टि करता है। वर्ष 2023 में बरेली जिले में 1290 सड़क हादसों में 538 लोगों की जान गई। इसके सापेक्ष वर्ष 2024 में साल भर में जिले में 1196 सड़क हादसे हुए, इनमें 500 लोगों की मौत हुई। वर्ष 2025 के आंकड़े अभी स्पष्ट नहीं हैं, हालांकि अधिकारी इस साल आंकड़ों में और ज्यादा कमी का दावा कर रहे हैं।