हाईवे के गड्ढे भरने के लिए तेजी से कराया जा रहा है पैचवर्क
बरेली। नेशनल हाईवे पर बरेली-सीतापुर के बीच अधूरे निर्माण कार्यों को अब तेजी से पूरा कराया जा रहा है। फरीदपुर टोल प्लाजा के पास सड़क निर्माण का काम पूरा कर लिया गया है। एनएचएआई ने यहां सीमेंटिड रोड बनाई है। जल्द ही आगे का काम शुरू किया जाएगा।
हाईवे पर टोल प्लाजा की सड़क का काम एक साल से चल रहा था, जो अब पूरा हो गया है। हाईवे के गड्ढों को भरने के लिए तेजी से पैचवर्क कराया जा रहा है। एनएचएआई के अधिकारियों के मुताबिक फरीदपुर में द्वारिकेश चीनी मिल के पास पुल का काम अभी अधूरा है। इसे भी जल्द शुरू किया जाएगा। इसके आगे रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने सड़क के चौड़ीकरण का काम भी शुरू होगा। एनएचएआई के एमडी अमित प्रकाश ने बताया कि हाईवे पर अब तेजी से काम किया जा रहा है। अधूरे काम जल्द पूरे कर लिए जाएंगे।