मीरगंज। गोरा लोकनाथपुर गांव के पास रामगंगा नदी पर बने पुल के नजदीक बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़क पर हुए हादसों के बाद पीडब्ल्यूडी ने संज्ञान लिया है। इस टूटी सड़क को ठीक कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया को पूरा करा लिया गया है।
लोगों ने बताया कि यह मार्ग लंबे समय से हादसों को दावत दे रहा था। जर्जर सड़क के कारण अब तक कई गंभीर घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें एक बाइक सवार फौजी की सड़क से नीचे पानी में गिरने से मौत हो चुकी है, जबकि कुछ दिन पहले गन्ने से भरी ट्राॅली भी इसी सड़क से नीचे गिर गई थी। ग्रामीण पूर्व प्रधान बाबूराम कश्यप, प्रमोद शर्मा, विनोद शर्मा के अनुसार इस मार्ग पर कई बार बड़े हादसे होते-होते बचे हैं। लोक निर्माण विभाग के जूनियर इंजीनियर कुलदीप कुमार ने बताया कि क्षतिग्रस्त सड़क के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जल्द ही कार्य शुरू कराया जाएगा। संवाद
कार्य पूरे होने तक किए जाए अस्थायी सुरक्षा के इंतजाम
ग्रामीणों ने मांग की है कि जब तक स्थायी निर्माण कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक अस्थायी सुरक्षा इंतजाम और चेतावनी संकेत लगाए जाएं, ताकि भविष्य में किसी और की जान न जाए। संवाद