महिलाएं, बच्चों और बुजुर्गों की संख्या थी अधिक, डॉक्टर ने दिया परामर्श
फरीदपुर/आंवला/अलीगंज/क्योलड़िया। तहसील क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले में सर्दी, जुकाम, सांस, बुखार समेत अन्य बीमारियों के 537 मरीज से ज्यादा पहुंचे। इसमें आधे से अधिक मरीज सर्दी, जुकाम, सांस और बुखार से पीड़ित मिले। मरीजों में पहुंचने वालों में सबसे ज्यादा महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग थे। चिकित्सकों ने मरीजों को उपचार का परामर्श दिया। सांस के मरीजों को सावधानी बरतने के उपाय बताए। हालांकि आंवला के अर्बन पीएचसी पर कड़ाके की ठंड के चलते कम मरीज पहुंचे। यहां खांसी का सिरप और चर्म रोग से संबंधित लोशन खत्म हो गए। इन दवाओं को मरीजों ने बाहर से खरीदी।
अलीगंज के क्यारा ब्लॉक के सूदनपुर पीएचसी पर डॉ. सुधांशु सक्सेना की देखरेख में मेले का आयोजन किया गया। मेले में चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मियों ने 35 मरीजों के स्वास्थ्य की जांच कर उनको दवाई का वितरण किया। एएनएम गुलिस्ता ने एक गर्भवती महिला का प्रसव कराया। मेले में 15 मरीज खांसी, आठ मरीज जुकाम, छह मरीज त्वचा संबंधी, तीन श्वांस रोग, दो उदर रोग के थे। इस दौरान डॉ.सुधांशु सक्सेना ने लोगों को संचारी रोग से बचने के तरीके बताते हुए कहा कि अपने घरों के पास गंदा पानी जमा न होने दें। घर की साफ सफाई करें। ठंड के मौसम में गर्म कपड़े पहने। क्योलड़िया स्वास्थ्य सामुदायिक केंद्र पर 63 मरीज आए, जिसमें खांसी-जुकाम के 22, बुखार के सात, फंगल इंफेक्शन के पांच समेत कई मरीज पहुंचे। डॉ. अंशुमान पटेल ने मरीजों का उपचार किया।
सीएचसी फरीदपुर में 400 मरीज पहुंचे। 200 से अधिक मरीज मौसमी बीमारी से पीड़ित मिले। अधिकतर, पेट दर्द, उल्टी, दस्त, खांसी जुकाम और बुखार खुजली से पीड़ित थे। 30 साल से ज्यादा के मरीजों की एनसीडी स्क्रीनिंग में ब्लड प्रेशर और डायबिटीज/शुगर की जांचें की गईं। सीएचसी प्रभारी ने ठंड से बचाव के लिए सलाह दी। आंवला के अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर मरीजों की संख्या में काफी कमी रही। रविवार को केवल 37 मरीजों ही पहुंचे। प्रभारी डॉ. विकास यादव ने बताया कि ज्यादा मरीज मौसमी बीमारियों से पीड़ित मिले। दवाइयां मंगाई गई हैं। संवाद
लखनऊ की टीम ने किया आरोग्य मेले का किया निरीक्षण
मीरगंज। लखनऊ से डॉ. चंदन एवं डॉ. गौरव सक्सेना रविवार को मीरगंज ब्लॉक की स्वास्थ्य इकाइयों के स्थलीय निरीक्षण के लिए पहुंचे। टीम ने सीएचसी, आयुष्मान आरोग्य मेले के साथ रविवार को मीरगंज की सभी पीएचसी आनंदपुर, हुरहुरी और जाम का निरीक्षण किया। इसके बाद टीम ने दुनका न्यू पीएचसी जाकर व्यवस्थाओं को परखा। इस दौरान यहां 37 मरीज मिले। संवाद