बरेली। प्रभारी मंत्री अटके प्रोजेक्ट को शुरू करने के सख्त निर्देश दे गए हैं, लेकिन चौपुला फ्लाईओवर का काम पुलिस विभाग की एनओसी न मिलने से लटका हुआ है। इस पुल का काम अभी दिल्ली रोड पर आगे नहीं बढ़ पा रहा है। अब 13 अक्तूबर को ट्रॉयल के तौर पर सड़क के बीचोबीच करीब आठ मीटर एरिया के चारों तरफ बोर्ड बैरिकेडिंग लगाकर यह देखा जाना है कि इससे जाम तो नहीं लग रहा। अगर ट्रैफिक प्रभावित नहीं होता है तो दिल्ली रोड पर काम शुरू कराने की अनुमति मिल जाएगी।
इस फ्लाईओवर के काम में लगातार देरी हो रही है। करीब डेढ़ माह पहले ट्रैफिक पुलिस ने जाम की समस्या बताते हुए इस फ्लाईओवर का निर्माण दिल्ली रोड पर करने पर रोक लगा दी। हालांकि सेतु निगम के बार-बार आग्रह के बाद ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी यह ट्रायल करने को तैयार हो गए हैं कि 13 अक्तूबर को दिल्ली रोड पर सेतु निगम केवल आठ मीटर के दायरे में बोर्ड बैरिकेडिंग करेगा। इससे अगर ट्रैफिक संचालन में कोई दिक्कत नहीं आती है तो निगम को काम शुरू करने के लिए मशीनों को शिफ्ट करने की परमीशन दे दी जाएगी। हालांकि सेतु निगम के अधिकारियों का कहना है कि सड़क 20 से 22 मीटर चौड़ी है। बैरिकेडिंग के बाद भी दोनों तरफ सात से आठ मीटर चौड़ा रोड बचा रहेगा। इससे वाहन आसानी से निकलते रहेंगे। इधर, पुलिस लाइंस से पुराने पुल के बीच भी फ्लाईओवर की एक लेन बनाई जानी है, इसलिए कुछ पिलर पुलिस लाइंस की बाउंड्री के अंदर भी बनने हैं। इसकी एनओसी भी पुलिस से न मिल पाने से काम प्रभावित है।
‘चौपुला फ्लाईओवर का काम आगे बढ़ाने के लिए पुलिस से अनुमति मिलनी बाकी है। इस औपचारिकता पूरा न हो पाने से निर्माण कार्य को गति देने में दिक्कत आ रही है।’
- देवेंद्र सिंह, मुख्य परियोजना अधिकारी, सेतु निगम