बरेली। संजय नगर में 14.70 लाख रुपये की लागत से बनाई गई सड़क साल भर भी नहीं चली। आठ महीने में ही सड़क की परतें उधड़ने लगीं तो ठेकेदार ने रात में ही चुपचाप पैचवर्क कर दिया। क्षेत्रीय पार्षद ने मेयर उमेश गौतम से मामले की शिकायत करके जांच की मांग की है।
संजय नगर में होली चौराहा के पास वाली गली में प्रेमशंकर कनौजिया के मकान से जोशी की गली तक सीसी रोड बनाई गई है। 148 मीटर लंबी इस सड़क का निर्माण मार्च में 14.70 लाख रुपये से हुआ था। पार्षद अवनेश कुमार ने बताया कि सड़क निर्माण में ठेकेदार ने भ्रष्टाचार किया है। इसकी गुणवत्ता को लेकर उन्होंने नगर निगम की बोर्ड बैठक में भी यह मामला उठाया था, लेकिन अफसरों ने ध्यान नहीं दिया। सड़क बने हुए अभी केवल आठ माह ही बीते हैं और जगह-जगह से इसकी परतें उधड़ने लगी हैं। सड़क की बजरी भी इधर-उधर बिखरी पड़ी है। उन्होंने कार्रवाई कराने की बात कही तो ठेकेदार ने रात में ही यहां चुपचाप पैचवर्क करा दिया। अवनेश ने मेयर उमेश गौतम से शिकायत करके सड़क में हुए भ्रष्टाचार की जांच कराने की मांग की है।