बरेली। पूर्वी जोन की दो दिवसीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हुआ। बालक एवं बालिका वर्ग के अंडर-14, 17 और 19 की कुल छह श्रेणियों में आयोजित इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। पूरे टूर्नामेंट में अंडर-14 और अंडर-17 बालक-बालिका वर्ग में आरएन टैगोर इंटर कॉलेज, बरेली कैंट के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। वहीं, अंडर-19 बालक वर्ग में जय नारायण सरस्वती विद्या मंदिर ने बाजी मारी।
अंडर-14 बालक वर्ग में अजय ने 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ में, राज पटेल ने 400 मीटर में, तथा रोहित ने 800 मीटर और लंबी कूद स्पर्धा में प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 बालक वर्ग में अंकेश यादव ने 200 मीटर व 400 मीटर, सनी यादव ने 800 मीटर व 1500 मीटर, अंकित यादव ने 100 मीटर व लंबी कूद में पहला स्थान हासिल किया। इसी वर्ग में अंकित सिंह ने 3000 मीटर दौड़ और गोला फेंक स्पर्धा में जय नारायण सरस्वती विद्या मंदिर के लिए पहला स्थान हासिल किया। अंडर-19 बालक वर्ग में भी जय नारायण सरस्वती विद्या मंदिर के खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहतरीन रहा, जिसमें शिवांश सागर ने 100 मीटर, 200 मीटर और लंबी कूद, योगेश कश्यप ने 400 मीटर व 110 मीटर हर्डल, तथा अभिषेक गंगवार ने 1500 मीटर में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
बालिका वर्ग के नतीजों में अंडर-14 श्रेणी के अंतर्गत अपेक्षा ने 200 मीटर व 400 मीटर में प्रथम स्थान हासिल किया। इसके अलावा अंजली रोशन ने 100 मीटर तथा अनुष्का ने 800 मीटर में आरएन टैगोर इंटर कॉलेज के लिए पहला स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 बालिका वर्ग में दीपिका ने 400 मीटर तथा मुस्कान ने 800 मीटर और 1500 मीटर में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा दिखाई। वहीं राजकीय हाईस्कूल लालगौरिया की तुलसी देवी ने 100 मीटर और 200 मीटर में पहला स्थान पाया।
यह सभी विजेता प्रतिभागी अब पूर्वी जोन की ओर से आगामी जनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भाग लेंगे। प्रतियोगिता का शुभारंभ आरएन टैगोर इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य वंदना मिश्रा ने किया। इस दौरान सर्वेश राठौर, कमल तिवारी, श्रीधर शुक्ला, आदित्य कुमार, कुंती मेहता और कोनिका सिन्हा मौजूद रहीं।