बरेली। कैंट थाना पुलिस ने युवक से मारपीट कर वीडियो बनाने व रंगदारी वसूलने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को उसे न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया।
कैंट इंस्पेक्टर संजय धीर ने बताया कि 29 मार्च को दर्ज मामले में आरोप है कि ऋषभ ठाकुर उर्फ रिषभ ठाकुर और उसके साथियों ने पहलवान बाबा मंदिर के पास घूम रहे युवक-युवती को रोक लिया था। युवक के दूसरे समुदाय का होने पर उसके साथ मारपीट की थी। घटना का वीडियो बनाने के साथ ही जान से मारने की धमकी देकर नौ हजार रुपये की रंगदारी वसूली थी।
पुलिस टीम ने शुक्रवार को नामजद आरोपी रवि कुमार को चनेहटा शिव मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों अंकित यादव, अंकित, भारत यादव और चुन्नू उर्फ छुन्नू के साथ मौके पर मौजूद था। चुन्नू ने ऋषभ ठाकुर को कॉल कर बुलाया था। इसके बाद सभी ने युवक के साथ मारपीट की। आरोपी ने स्वीकार किया कि ऋषभ के कहने पर युवक से दो हजार रुपये ऑनलाइन भी लिए गए थे।