18 जुलाई को संक्रमित मिला था फरीदपुर तहसील गेट पर चाय बेचने वाला युवक
विज्ञापन
अस्पताल से आकर दुकान पर लगाया मजमा तो मचा हड़कंप
फरीदपुर। स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही और मनमानी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। अब बरेली के तीन सौ बेड के अस्पताल से चाय बेचने वाले एक संक्रमित युवक को यह कहकर लौटा दिया गया कि उसका नाम लिस्ट में नहीं है। उसके बाद तहसील गेट पर ही उसने पंचायत लगा ली तो लोगों में दहशत फैल गई। इधर, संक्रमित महिला को छोड़कर कोविड अस्पताल में भर्ती की गई उसकी हमनाम स्वस्थ महिला को अब तक घर नहीं भेजा गया है और न ही संक्रमित महिला को भर्ती किया गया है।
कोरोना संक्रमण का दायरा बढ़ने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही भी बढ़ती जा रही है। 18 जुलाई को मिली जांच रिपोर्ट में कोरोना संक्रमित पाए गए चाय वाले को सोमवार को बरेली के तीन सौ बेड अस्पताल से यह कहकर लौटा दिया गया कि उसका नाम लिस्ट में नहीं है। फरीदपुर आने के बाद उसने तहसील गेट पर अपनी दुकान खोल ली। दुकान पर दिन भर लोग पंचायत लगाए रहे। बाद में लोगों को जब उसके संक्रमित होने की जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया। बताते हैं कि नई गाइडलाइन के मुताबिक, चाय वाले के घर पर आइसोलेशन की सुविधा भी नहीं है। वहीं एक दिन पहले संक्रमित की जगह स्वस्थ महिला को तीन सौ बेड अस्पताल में भर्ती कर दिया गया था। उसे मंगलवार को भी अस्पताल से छुट्टी नहीं मिल और न ही संक्रमित महिला को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया। संक्रमित महिला कुछ दिन पहले प्रसव के लिए एक अस्पताल में भी भर्ती रही थी।
कई दिनों से संक्रमितों को लेने नहीं आ रही एंबुलेंस
मोहल्ला मिर्धान में एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित है और उसे बरेली भेजने के लिए सीएचसी कर्मचारी लगातार एंबुलेंस की मांग कर रहे हैं, लेकिन 17 जुलाई को रिपोर्ट आने के बाद अभी तक नहीं भेजी गई। गांव बेहरा में भी एक संक्रमित निकला है, उसको भी अब तक अस्पताल में भर्ती नहीं कराया गया है। मोहल्ला परा का भी 18 जुलाई को संक्रमित मिला व्यक्ति अब तक अस्पताल नहीं ले जाया गया है, इससे मोहल्ले में दहशत है।